• Mon. Oct 12th, 2026

दिनभर में 2 इंच बारिश, सिटी फोरलेन पर भरा पानी, केदारेश्वर का झरना बहा, नाले में जुगाड़ वाहन व एक महिला बही

BySurendra Jain

Jul 26, 2025

खबर पक्की, 27 जुलाई, रतलाम। शनिवार सुबह रुक-रुककर हुई तेज बारिश दोपहर बाद मूसलाधार बारिश में तब्दील हो गई। शहर समेत जिले में दिनभर पानी गिरता रहा। रतलाम सैलाना फोरलेन पर पानी भर गया। सैलाना के केदारेश्वर महादेव का झरना अपने वेग में बह निकला।
एक जुगाड़ वाहन पुल पार करते समय नाले में बह गया। रतलाम शहर में दिनभर में 2 इंच से अधिक बारिश हो चुकी है।
साइक्लोनिक सकुर्लेशन (चक्रवात), ट्रफ और डिप्रेशन की वजह से प्रदेश में बारिश का स्ट्रॉन्ग सिस्टम एक्टिव हो गया है। शनिवार सुबह 6 बजे से हुई तेज बारिश डेढ़ घंटे तक चली। इसके बाद दोपहर में रुक-रुक बारिश होती रही।
एक सप्ताह से अधिक सूखा होने के बाद बारिश होने पर किसानों ने भी राहत ली। कई स्थानों पर पानी भर गया।
शहर के बरबड़ स्थित शासकीय प्राथमिक स्कूल में एक बार फिर पानी भर गया। स्कूल परिसर तालाबनुमा बना गया। हालांकि बारिश के पहले स्कूल की छुट्टी हो गई थी। रतलाम के इंट्री प्वाइंट रतलाम सैलाना रोड पर भी पानी भर गया। वाहन चालकों को अपने वाहन धीमी गति से निकालने पड़े। शहर के हनुमान ताल का वेस्ट वियर पानी का झरना भी बहने लगा।
धामनोद में जुगाड़ वाहन बहा
रतलाम के धामनोद में पुल पार करते समय एक जुगाड़ वाहन पानी में बह गया। चालक को ग्रामीणों ने पुल पार करने से मना किया। लेकिन वह नहीं माना। पुल पार करते समय वह नाले में चला गया। हालांकि चालक बाहर निकल आया। लेकिन जुगाड़ वाहन पानी में ही रह गया। धामनोद चौकी प्रभारी आनंद बागवान ने बताया कि किसी प्रकार की कोई जनहानि नहीं हुई है।
नाला पार करते हुए महिला बही
जिले के पिपलौदा थाना अतंर्गत गांव नांदलेटा में कालबेलिया बस्ती की एक महिला नाला पार करते समय बह गई। ग्रामीण कई सालों से पुलिया बनाने की मांग कर रहे है। शाम तक महिला के बारे में कोई जानकारी नहीं मिल पाई। पुलिस व गोताखोर मौके पर मौजूद है। महिला को तलाशन का प्रयास किया जा रहा है।
अपने लेवल से धोलावाड़ डेम 2.9 मीटर खाली
शहर की प्यास बुझाने वाला धोलावाड़ डेम अपने लेबल से 2.9 मीटर खाली है। डेम की क्षमता 395.0 मीटर है। शनिवार शाम 6.30 बजे पानी का लेबल 392.10 मीटर तक पहुंच गया। सैलाना, रावटी, बाजना क्षेत्रों में दिनभर बारिश होने से डेम का जल स्तर यहां पहुंच गया है।

You missed

error: Content is protected !!