• Tue. Oct 13th, 2026

नाबालिग की पीट-पीटकर हत्या : रात में लड़की से मिलने गया था; परिवार ने पकड़कर पेड़ से बांधा, सिर भी मूंडा

BySurendra Jain

Jul 26, 2025

खबर पक्की, 26 जुलाई, रतलाम। जिले के नामली थाना क्षेत्र में शुक्रवार देर रात एक नाबालिग लड़के की पीट-पीटकर हत्या कर दी गई। कांडरवासा गांव का रहने वाला आयुष मालवीय (17) रात को अपनी प्रेमिका से मिलने मेवासा गांव गया था। इसी दौरान लड़की के घरवालों ने उसे पकड़ लिया। उन्होंने आयुष का सिर मुंडवाया और पेड़ से बांध दिया। इसके बाद उसके साथ बेरहमी से मारपीट की गई और आयुष की जान चली गई। इस मामले में पुलिस ने लड़के के पिता समेत चार लोगों पर हत्या का केस दर्ज कर सभी को गिरफ्तार कर लिया गया है।
ग्रामीणों ने शव रखकर फोरलेन पर जाम लगाया
ग्रामीणों ने शनिवार सुबह शव रखकर फोरलेन पर जाम लगा दिया। वे आरोपियों का जुलूस निकालने की मांग कर रहे थे। साथ ही मृतक के परिवार को एक करोड़ रुपए आर्थिक सहायता की मांग भी की। अधिकारियों के आश्वासन पर उन्होंने प्रदर्शन खत्म किया।
रात ढाई बजे पुलिस को मिली थी जानकारी
घटना की सूचना शुक्रवार देर रात करीब 2.30 बजे नामली पुलिस को दी गई। मौके पर एसडीओपी ग्रामीण किशोर पाटनवाला पहुंचे। नालाबिग का शव रतलाम मेडिकल कॉलेज भेजा गया है। शनिवार सुबह उसका पोस्टमॉर्टम किया गया। पुलिस को रिपोर्ट का इंतजार है।
पिता बोले- पता नहीं वो कब घर से निकला
आयुष के पिता ने बताया- बेटे को लड़की ने फोन करके बुलाया था। लड़की के पिता और 8 से 10 लोगों ने मारपीट की। उसे पेड़ पर बांधकर मारा। सिर गंजा कर दिया। मारने की क्या जरूरत थी। मुझे फोन करके बता देते। सुबह 6 बजे पुलिस ने बताया कि वह मरा हुआ मिला। बेटे के मोबाइल में लड़की से बातचीत के कुछ स्क्रीनशॉट पुलिस ने दिखाए हैं।
घर के बाहर प्लास्टिक में शव लपेटकर रखा था
आयुष के पिता को लेकर पहुंचे कांडरवासा गांव के उपसरपंच रमेश मालवीय ने बताया सुबह वह गांव की दूध डेयरी पर गए थे। वहां कुछ लोग बात कर रहे थे कि गांव के आयुष का मर्डर हो गया। उसके बाद मैं उसके पिता के पास गया और उन्हें लेकर मेवासा गांव पहुंचा। गांव के प्रेम सिंह सिसोदिया के घर के बाहर प्लास्टिक में शव लपेटकर रखा था।
पुलिस बोली- एक संदिग्ध से पूछताछ कर रहे
रतलाम ग्रामीण एसडीओपी किशोर पाटनवाला ने कहा- घटनाक्रम के हर पहलू की जांच की जा रही है। एक युवक को राउंडअप किया गया है। मृतक के पिता की रिपोर्ट के आधार पर हत्या का केस दर्ज किया जा रहा है।

You missed

error: Content is protected !!