खबर पक्की, 21 जुलाई, रतलाम। जिले के सैलाना स्थित महालक्ष्मी मंदिर में रविवार सुबह एक अनोखा और चौंकाने वाला नजारा देखने को मिला। मंदिर की दीवार के छेदों से एक साथ सांप के 10 बच्चे निकलते दिखे, जिसे देख वहां मौजूद भक्तों में हड़कंप मच गया। देखते ही देखते मंदिर परिसर में भीड़ जमा हो गई।
मंदिर में सावन माह के चलते भक्तों की आवाजाही बनी हुई थी। सुबह पुजारी रमेशचंद्र शर्मा ने मंदिर की दीवार के पास सांप के बच्चों को देखा और तुरंत स्थानीय रहवासियों को सूचना दी। थोड़ी ही देर में वहां भीड़ लग गई। इसके बाद सर्पमित्र भरत प्रजापत को मौके पर बुलाया गया। उन्होंने सावधानीपूर्वक सभी सांप के बच्चों को पकड़ा और उन्हें सुरक्षित रूप से पास के जंगल में छोड़ दिया।
तीन-चार दिन के थे बच्चे, कोबरा प्रजाति की आशंका
जानकारों के अनुसार, ये सांप के बच्चे लगभग तीन से चार दिन के थे। प्रारंभिक रूप से इन्हें कोबरा प्रजाति का माना जा रहा है, हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई। सर्पमित्र की तत्परता से किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई।
महालक्ष्मी मंदिर में एक साथ निकले सांप के 10 बच्चे : सर्पमित्र ने जंगल में सुरक्षित स्थान पर छोड़ा
