• Fri. Aug 28th, 2026

दूसरे दिन भी चली आयकर विभाग की कार्रवाई : टैक्स-जीएसटी सलाहकार सुरेश गुप्ता के ऑफिस और घर पर रिकॉर्ड खंगाल रहे अधिकारी

BySurendra Jain

Jul 15, 2025

खबर पक्की, 15 जुलाई, रतलाम। कर सलाहकार और जीएसटी कंसल्टेंट सुरेश गुप्ता एंड कंपनी पर आयकर विभाग की छापेमार कार्रवाई मंगलवार को दूसरे दिन भी जारी रही। एक दर्जन से अधिक अधिकारियों ने बैंक कॉलोनी स्थित घर और न्यू रोड स्थित कार्यालय में रिकॉर्ड की जांच की।
बता दें कि, आयकर विभाग ने सोमवार को मध्यप्रदेश के जबलपुर, इंदौर, रीवा, रतलाम और छत्तीसगढ़ के रायपुर में 13 ठिकानों पर एक साथ छापेमारी की थी। एमपी-छत्तीसगढ़ की टीम ने यह कार्रवाई टीडीएस में फर्जी रिटर्न दाखिल करने और बीस प्रतिशत तक कमीशन लेने वाले चार्टर्ड एकाउंटेंट और इस कारोबार से जुड़े अन्य लोगों के ठिकानों पर की है।
रिकॉर्ड खंगाल रहे अधिकारी
जानकारी के अनुसार, छापेमारी में करोड़ों रुपए की टैक्स चोरी का खुलासा हो सकता है। इसी के तहत रतलाम में भी जांच की जा रही है। टीम में शामिल अलग-अलग अधिकारी घर से लेकर कंपनी के ऑफिस पर छानबीन कर रहे है। उनके रिकॉर्ड देख रहे है। कार्रवाई के दौरान किसी को भी बाहर आने-जाने पर रोक है।
आयकर अधिकारियों ने कार्रवाई पर साधी चुप्पी
जांच के दौरान मौजूद आयकर विभाग के अधिकारियों ने कार्रवाई के बारे में कुछ भी बताने से इनकार कर दिया। दैनिक भास्कर से बातचीत में अधिकारियों ने कहा कि वे किसी भी जानकारी को साझा करने के लिए अधिकृत नहीं हैं। अधिकारियों ने जानकारी के लिए वरिष्ठ अधिकारियों से संपर्क करने को कहा। कार्रवाई की अवधि के बारे में भी कोई जानकारी नहीं दी गई।
फर्जी टीडीएस रिटर्न और कमीशन के मामले में कार्रवाई
जानकारी के अनुसार, आयकर विभाग की यह कार्रवाई उन चार्टर्ड अकाउंटेंट्स और टैक्स रिटर्न फाइल करने वाली फर्मों के खिलाफ की जा रही है, जिन पर आयकर चोरी में संलिप्त होने का संदेह है।
बताया जा रहा है कि ये फर्में और सीए मोटी रकम लेकर फर्जी टीडीएस रिटर्न दाखिल करते थे और इसके एवज में 20 प्रतिशत से अधिक कमीशन वसूलते थे। आयकर विभाग द्वारा प्रदेश में अलग-अलग स्थानों पर चल रही कार्रवाई की एक साथ जानकारी दिए जाने की संभावना है।

error: Content is protected !!