• Fri. Aug 28th, 2026

रतलाम पुलिस द्वारा नशा मुक्ति जनजागरूकता अभियान का शुभारंभ किया, पुलिस अधीक्षक द्वारा हरी झंडी दिखाकर नशामुक्ति रथ को किया रवाना

BySurendra Jain

Jul 15, 2025

खबर पक्की, 15 जुलाई, रतलाम। पुलिस मुख्यालय के निर्देशानुसार प्रदेश में नशीले पदार्थों के बढ़ते उपयोग और उसके दुष्परिणामों के प्रति समाज को जागरूक करने हेतु नशे से दूरी है जरूरी जन-जागरूकता अभियान का आयोजन 15 जुलाई से 30 जुलाई तक किया जा रहा है।
इसी तारतम्य 15 जुलाई को एसपी अमित कुमार द्वारा हरि झंडी दिखाकर नशामुक्ति अभियान के रथ को रवाना कर अभियान का शुभारंभ किया गया। इस अभियान का उद्देश्य युवाओं को नशे की प्रवृत्ति से दूर रखना, नशे की तस्करी एवं अवैध व्यापार पर नियंत्रण, और समाज के सभी वर्गों को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करना है। जिले के सभी थाना क्षेत्रों में भी अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक राकेश खाखा के मार्गदर्शन में डीएसपी अजय सारवान के नेतृत्व में जिले के सभी थाना क्षेत्रों में जागरूकता अभियान चलाया जाएगा। पुलिस विभाग इस अभियान में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है, साथ ही अन्य विभागों, सामाजिक संस्थाओं, एनजीओ और शिक्षा संस्थानों का सहयोग भी लिया जा रहा है।
शुभारंभ कार्यक्रम में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक राकेश खाखा, डीएसपी अजय सारवान, एसडीओपी किशोर पटनवाला, सीएसपी जावरा दुर्गेश आर्मो, एसडीओपी जावरा संदीप मालवीय, रक्षित निरीक्षक मोहन भर्रावत, निरीक्षक अय्यूब खान, निरीक्षक पार्वती गौड़, सूबेदार मोनिका ठाकुर, आदि पुलिस अधिकारी उपस्थित रहे। इस अभियान में सक्रिय सहभागिता करें एवं नशे से मुक्त, स्वस्थ और सुरक्षित समाज के निर्माण में योगदान दें।
विभिन्न संसाधनों के जरिए किया जाएगा जागरूक
अभियान के तहत विभिन्न गतिविधियों के माध्यम से लोगों को जागरूक किया जाएगा, जिनमें नुक्कड़ नाटक, बैनर, पोस्टर, पंपलेट वितरण, प्रिंट और डिजिटल मीडिया के माध्यम से प्रचार, वीडियो स्क्रीनिंग, सोशल मीडिया अभियान, सफाई वाहनों के माध्यम से संदेश प्रसारण, हेल्पलाइन और वेब पोर्टल प्रचार, ई-शपथ के लिए प्रोत्साहन, स्कूल – कॉलेजों में छात्रावास नशामुक्त समिति का गठन और छात्रों को हेल्थलाइन ऐप्स एवं काउंसलिंग से जोडऩा शामिल रहेगा।
नशे के सौदागरों की सूचना दें, आपकी पहचान रहेगी गोपनीय
यदि आपके आसपास किसी भी प्रकार के अवैध नशीले पदार्थ- जैसे गांजा, स्मैक या अन्य मादक पदार्थों की बिक्री, खरीद – फरोख्त या संग्रहण होते हुए दिखाई दे, तो तुरंत रतलाम पुलिस की नारकोटिक्स हेल्पलाइन नंबर 7049127867 पर सूचना दें । आपकी दी गई जानकारी पर तत्काल कार्रवाई की जाएगी और आपकी पहचान को पूरी तरह से गोपनीय रखा जाएगा । समाज को नशा मुक्त बनाने में आपका यह योगदान बेहद महत्वपूर्ण हैं। जागरूक नागरिक बनें और नशा रोकथाम में पुलिस का साथ दें।

error: Content is protected !!