• Thu. Oct 22nd, 2026

टैक्स-जीएसटी सलाहकार के घर-ऑफिस में इनकम टैक्स की छापेमारी, इंदौर से 10 गाडिय़ों में पहुंचे अधिकारी; कर चोरी का शक खबर

BySurendra Jain

Jul 14, 2025

खबर पक्की, 14 जुलाई, रतलाम। इंदौर आयकर विभाग की टीम ने सोमवार सुबह रतलाम में कर सलाहकार व जीएसटी कंसल्टेंट सुरेश गुप्ता एंड कंपनी पर छापेमार कार्रवाई की है। एक दर्जन से अधिक अधिकारी सीए सुरेश गुप्ता के बैंक कॉलोनी स्थित घर पर सुबह 7 बजे 8 से 10 गाडिय़ों से पहुंचे।
टीम में शामिल अलग-अलग अधिकारी घर से लेकर कंपनी के ऑफिस पर छानबीन कर रहे है। उनके रिकॉर्ड देख रहे है। कार्रवाई के दौरान किसी को भी बाहर आने-जाने पर रोक है।
कार्रवाई को लेकर अधिकारी कुछ भी बोलने के लिए तैयार नहीं है। बैंक कॉलोनी स्थित सीए के घर के दरवाजे अंदर से बंद है। बाहर दो सुरक्षाकर्मी बैठे है लेकिन कोई भी बात करने के लिए तैयार नहीं है। अधिकारी इंदौर पासिंग प्राइवेट टैक्सियों से पहुंचे है।
सीए गुप्ता के घर के अलावा न्यू रोड स्थित सुरेश गुप्ता एंड कंपनी पर अधिकारी रिकॉर्ड जांच रहे है। यहां पर बाहर सुरक्षाकर्मी को तैनात कर कर रखा है।
इन स्थानों पर चल रही कार्रवाई
आयकर विभाग ने सोमवार को प्रदेश के जबलपुर, इंदौर, रीवा और छत्तीसगढ़ के रायपुर में 13 ठिकानों एक साथ छापेमारी की है। बताया गया कि आयकर विभाग की एमपी सीजी की टीम ने यह छापेमारी टीडीएस में फर्जी रिटर्न दिलाने वाले और बीस प्रतिशत तक कमीशन लेने वाले चार्टर्ड एकाउंटेंट और इस कारोबार से जुड़े अन्य लोगों के ठिकानों पर की है।
छापेमारी में करोड़ों रुपए की टैक्स चोरी का खुलासा होना तय माना जा रहा है। इसी कड़ी में रतलाम में भी जांच की जा रही है।
आयकर चोरी में संलिप्तता का शक
यह कार्रवाई उन चार्टर्ड अकाउंटेंट्स और टैक्स रिटर्न फाइल करने वाली फर्मों के खिलाफ की जा रही है, जिन पर आयकर चोरी में संलिप्त होने का शक है। सूत्रों के मुताबिक, ये फर्में और सीए मोटी रकम लेकर फर्जी टीडीएस रिटर्न दाखिल करते थे और इसके बदले 20 प्रतिशत से अधिक कमीशन वसूलते थे।
प्रारंभिक जांच के बाद आयकर विभाग ने एक साथ कई ठिकानों पर दबिश दी। प्रदेश के अलग-अलग जिलो में छापे के दौरान अधिकारियों को बड़ी संख्या में फर्जी दस्तावेज और रिटर्न से जुड़ी फाइलें बरामद हुई हैं, जिनकी जांच जारी है।

You missed

error: Content is protected !!