• Mon. Aug 31st, 2026

इंदौर में इंडिगो फ्लाइट की इमरजेंसी लैंडिंग:तकनीकी खराबी की सूचना, यात्री बोले- उड़ान के वक्त हल्का झटका लगा

BySurendra Jain

Jul 8, 2025

खबर पक्की, 8 जुलाई, इंदौर। इंदौर एयरपोर्ट पर आज सुबह 6:30 बजे इंदौर से उड़ान भरने वाली इंडिगो की फ्लाइट में उड़ान के लगभग आधे घंटे बाद तकनीकी खराबी आ गई। इसके बाद फ्लाइट की इमरजेंसी लैंडिंग इंदौर में कराई गई। बताया जा रहा है कि फ्लाइट में अचानक एक जोर का झटका महसूस हुआ, जिसके कुछ ही देर बाद पायलट ने फ्लाइट को वापस इंदौर लाने की घोषणा की। फ्लाइट की इंदौर में सुबह 7:15 बजे सुरक्षित लैंडिंग कराई गई। इंदौर लौटने के बाद आगे की फ्लाइट को रद्द कर दिया गया। यात्रियों को टिकट का पैसा वापस करने या अपनी बुकिंग को रीशेड्यूल करने का विकल्प दिया गया है।
इंदौर एयरपोर्ट के टर्मिनल मैनेजर ने बताया कि फ्लाइट अपने तय समय पर रवाना हुई थी, लेकिन उड़ान के दौरान पायलट को तकनीकी फॉल्स अलार्म (गलत तकनीकी संकेत) मिले। इसके बाद फ्लाइट को बीच रास्ते से ही वापस इंदौर एयरपोर्ट पर लैंड करवा लिया गया। यह इमरजेंसी लैंडिंग की स्थिति नहीं थी। यात्रियों को फ्लाइट से ऑफ-लोड कर दिया गया है।

इंदौर एयरपोर्ट से मिली जानकारी के अनुसार, इंडिगो की फ्लाइट 6E7295 रोजाना सुबह 6:35 बजे इंदौर से उड़ान भरती है और सुबह 8:30 बजे रायपुर एयरपोर्ट पर लैंड करती है। वहीं वापसी में यह फ्लाइट 6E7296, रायपुर एयरपोर्ट से सुबह 10:30 बजे उड़ान भरती है और दोपहर करीब 12 बजे इंदौर एयरपोर्ट पर वापस आती है।
15 दिन पहले फ्लाइट रनवे से लौटी थी

करीब 15 दिन पहले इंदौर से भुवनेश्वर जा रही इंडिगो की फ्लाइट 6E 6332 (एयरबस A320 नियो विमान) रनवे के बीच से लौट आई। बताया गया कि फ्लाइट में 80 से ज्यादा यात्री सवार थे। लौटने की वजह प्लेन में तकनीकी खराबी बताई गई।

इंदौर एयरपोर्ट टर्मिनल मैनेजर ने बताया कि विमान में माइनर टेक्निकल फॉल्ट की जानकारी सामने आई थी। सुधार के बाद विमान इंदौर से भुवनेश्वर के लिए रवाना हो गया है। विमान करीब ढाई घंटे तक रनवे पर खड़ा रहा। इस दौरान सभी यात्री विमान में ही बैठे रहे।
इंडिगो की फ्लाइट के कैबिन में भर गया था धुआं
6 जुलाई 2022 को इंडिगो की रायपुर-इंदौर फ्लाइट की लैंडिंग के बाद विमान के कैबिन में धुआं पाया गया था। डीजीसीए ने इस बात की जानकारी दी थी। तब अधिकारियों ने बताया था कि, A320 फ्लाइट की लैंडिंग के बाद कैबिन में धुआं मिलने की जानकारी फ्लाइट के स्टाफ ने दी। हालांकि सभी यात्री विमान से सुरक्षित उतर गए थे।

You missed

error: Content is protected !!