खबर पक्की, 8 जुलाई, रतलाम। जिले के बाजना थाना क्षेत्र की ग्राम पंचायत रतनगढ़ पीठ में पूर्व सरपंच वरसिंह भाभर (63) की लाठी से हमला कर हत्या कर दी गई। वह अपने बेटे के रुपए के लेनदेन को लेकर रिश्तेदारों के बीच समझौता कराने गए थे। इसी दौरान उन पर हमला हुआ। घायल हालत में उन्हें रतलाम मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया था, जहां सोमवार शाम उनकी मौत हो गई।
परिवार के अनुसार, 4 जुलाई को गांव में रहने वाले रिश्तेदार रितेश भाभर ने हरसन नाम के युवक से उधार दिए पैसों की मांग की थी। जब हरसन ने पैसे अगले दिन देने की बात कही तो रितेश ने उसके साथ मारपीट शुरू कर दी। बीच-बचाव करने आए वरसिंह के बेटे गजानन से भी रितेश और उसके भाई मुकेश ने मारपीट की। शाम को उन्होंने घर आकर जान से मारने की धमकी दी।
समझौता कराने गए थे, उसी दौरान हमला
अगले दिन 5 जुलाई को वरसिंह रिश्तेदारों के बीच बेटे का विवाद सुलझाने पहुंचे थे। बातचीत के दौरान रितेश ने विवाद किया और उसके भाई मुकेश ने वरसिंह को पकड़ लिया। रितेश ने लाठी से हमला कर गंभीर रूप से घायल कर दिया। उन्हें पहले बाजना के सरकारी अस्पताल और फिर रतलाम मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया। सोमवार शाम उनकी मौत हो गई।
पहले दर्ज था केस, अब हत्या की धारा जुड़ेगी
बाजना थाना प्रभारी रणजीत सिंगार ने बताया कि पहले बेटे आबू भाभर की रिपोर्ट पर रितेश और मुकेश भाभर के खिलाफ बीएनएस की धारा 296, 115(2), 351(3) और 3(5) के तहत केस दर्ज किया गया था। वरसिंह की मौत के बाद अब हत्या की धारा भी केस में जोड़ी जाएगी।
रतलाम में समझौता कराने गए पूर्व सरपंच की हत्या, बेटे के लेनदेन विवाद में लाठी से हुआ हमला, इलाज के दौरान मौत
