• Fri. Oct 23rd, 2026

दीपावली पर कार्बाइड गन और लैंप के इस्तेमाल से बचें, रतलाम पुलिस की अपील, निर्माण, भंडारण, बिक्री और परिवहन पर प्रतिबंध, बाजारों में दुकानदारों को समझाइश देकर किया जा रहा जागरूक

BySurendra Jain

Oct 23, 2026

खबर पक्की, 23 अक्टूबर, रतलाम। दीपावली पर्व पर जनसुरक्षा सुनिश्चित करने और किसी भी अप्रिय घटना को रोकने के लिए रतलाम पुलिस ने आमजन से कार्बाइड गन एवं कार्बाइड लैंप का उपयोग नहीं करने की अपील की है। मध्य प्रदेश सरकार के निर्देशानुसार इन उपकरणों के उपयोग, निर्माण, भंडारण, बिक्री और परिवहन पर प्रतिबंध लगाया गया है। प्रतिबंध का पालन सुनिश्चित करने के लिए पुलिस द्वारा बाजारों में दुकानों की जांच कर व्यापारियों को जागरूक किया जा रहा है।
कार्बाइड गन और कार्बाइड लैंप का इस्तेमाल खतरनाक साबित हो सकता है। इनमें होने वाली रासायनिक प्रतिक्रिया और अचानक उत्पन्न होने वाले अत्यधिक दबाव के कारण आंखों की रोशनी जाने, चेहरे पर गंभीर जलन होने और शरीर पर अन्य गंभीर चोटें लगने का खतरा रहता है। दीपावली के दौरान इन उपकरणों का उपयोग करने से न केवल इस्तेमाल करने वाले व्यक्ति, बल्कि आसपास मौजूद लोगों की सुरक्षा भी खतरे में पड़ सकती है।
इसके अलावा जिले के कुछ किसानों द्वारा फसलों की सुरक्षा के लिए जंगली जानवरों को भगाने के उद्देश्य से भी इन उपकरणों का इस्तेमाल किए जाने की जानकारी सामने आई है। ऐसे में पुलिस द्वारा इनके खतरों के प्रति जागरूकता बढ़ाने के साथ प्रतिबंधात्मक निर्देशों का पालन करने की समझाइश दी जा रही है।
बाजारों में दुकानदारों को दी जा रही समझाइश
पुलिस अधीक्षक रतलाम श्री अमित कुमार के निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक ग्रामीण श्री विवेक कुमार लाल और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शहर श्री राकेश पन्द्रो के मार्गदर्शन में पुलिस टीमों द्वारा बाजारों में दुकानों की चेकिंग की जा रही है। इस दौरान दुकानदारों को कार्बाइड गन एवं कार्बाइड लैंप की बिक्री नहीं करने और शासन द्वारा जारी प्रतिबंधात्मक निर्देशों का पालन करने के लिए समझाया जा रहा है। पुलिस द्वारा आम नागरिकों को भी इन उपकरणों से होने वाले संभावित नुकसान की जानकारी दी जा रही है, ताकि लोग इनके इस्तेमाल से बचें और सुरक्षित विकल्प अपनाएं।
सुरक्षित दीपावली मनाने की अपील
रतलाम पुलिस ने आम नागरिकों, किसानों और व्यापारियों से अपील की है कि वे कार्बाइड गन एवं कार्बाइड लैंप का उपयोग न करें और न ही इनके निर्माण, भंडारण, बिक्री अथवा परिवहन में शामिल हों। दीपावली खुशियों और उत्साह का त्योहार है, इसलिए इसे सुरक्षित वातावरण में मनाएं। ऐसे किसी भी उपकरण का इस्तेमाल न करें, जिससे स्वयं या दूसरों के जीवन और स्वास्थ्य को खतरा हो।

You missed

error: Content is protected !!