खबर पक्की, 14 जून, रतलाम। सरेराह शनिवार दोपहर एक युवक ने मां व बेटी पर कैंची से जानलेवा हमला कर दिया। बेटी को बचाने के लिए मां ने कोशिश की। लेकिन युवक बेटी के पीछे पड़ गया। बेटी जान बचाने के लिए इधर-उधर दौड़ती रही। शोर-शराब होने पर हमला करने वाला मौके से भाग गया। पूरी घटना सीसीटीवी कैद में हुई है।
युवती की मां का आरोप है कि एक दिन पहले युवक के खिलाफ थाना औद्योगिक में शिकायत भी की थी। इसके बावजूद भी ध्यान नहीं दिया गया।
शोर-शराबा होने पर स्कूटी छोड़कर भागा
दरअसल, बिरियाखेड़ी निवासी दुर्गा अपनी 19 साल की बेटी के साथ स्कूटी से मंगलमूर्ति कॉलोनी अपने घर जा रही थी। कॉलोनी के गेट नंबर एक से बाहर निकलकर दोनों रोड पर पहुंची। तभी पीछे से स्कूटी पर सवार एक युवक आया। मां-बेटी को रोका। पहले दोनों में कुछ बातचीत हुई।
मां ने युवक को बाल्टी से मारा। तभी युवक ने युवती पर कैंची से गले, सिर व पीठ पर ताबड़तोड़ वार कर दिया। मां ने बचाने की कोशिश की तो युवक स्कूटी लेकर आगे बढ़ा। मां बेटी स्कूटी से उतरी तो युवक दौड़ता हुआ वापस आया। युवती के पीछे मारने दौड़ा। युवती जान बचाने के लिए दौड़ती रही। तभी शोर-शराबा होने पर कॉलोनी के रहवासी बाहर निकले तो युवक मौके से अपनी स्कूटी छोड़कर भाग गया।
मां बोली छ: माह से परेशान कर रहा
युवती की मां दुर्गा ने बताया कि हमारा टिफिन का काम है। टिफिन देकर मंगलमूर्ति कॉलोनी से बेटी के साथ आ रही थी। युवक बेटी को 6 माह से परेशान कर रहा है। रोज फोन लगाता। हमने उसे समझाया कि बार-बार परेशान मत किया कर। पुलिस को शिकायत करेंगे। हमने शुक्रवार को पुलिस को भी शिकायत की थी।
शिकायत वापस लेने व बेटी के साथ शादी का दबाव बना रहा था। दोपहर में कैंची से हमला कर दिया। अगर मैं नहीं बचाती तो वह बेटी को मार देता। युवती ने बताया कि रास्ते में आ रहे थे। एक लड़के ने आकर कैंची से हमला किया। मां को भी मारा। जबरन परेशान कर रहा है।
एक दिन पहले युवती ने थाने पर की शिकायत
युवक द्वारा परेशान करने पर युवती ने शुक्रवार को पुलिस को शिकायत की थी। बताया था कि था कि हम दोनों एक ही मोहल्ले में होने से एक दूसरे को पहचानते हैं। 4 साल पहले तक दोनों की दोस्ती रही। अनावश्यक रूप से शादी के लिए दबाव बनाने व परेशान करने पर विगत 6 माह से बातचीत बंद कर दी। इसके बाद भी नीलेश पाटीदार बार-बार घर आकर, रास्ते में रोककर परेशान कर रहा है। आपत्ति लिए जाने पर स्वयं आत्महत्या करने की धमकी दे रहा है।
पुलिस ने आरोपी को राउंडअप किया
थाना औद्योगिक क्षेत्र के सब इंस्पेक्टर ध्यानसिंह सोलंकी ने बताया युवक व युवती की पुरानी पहचान थी। युवक शादी का दबाव बना रहा था। युवक के खिलाफ छेड़छाड़, पीछा करना, मारपीट व जान से मारने की धमकी का केस दर्ज कर राउंडअप कर लिया है। युवती द्वारा थाने पर क्या आवेदन दिया था उसको दिखवाना पड़ेगा।
युवती पर सरेराह कैंची से जानलेवा हमला, मां ने बचाया, शोर करने पर भागा, एक दिन पहले पुलिस से की थी शिकायत
