• Sun. Aug 30th, 2026

आधे शहर में 24 घंटे से बिजली गुल : आमजन परेशान, ग्रिड पर बैठे कर्मचारी को थाने ले आए रहवासी, नशे में होने का आरोप

BySurendra Jain

Jun 14, 2025

खबर पक्की, 14 जून, रतलाम। शहर में तेज आंधी-तूफान के 24 घंटे बीत जाने के बाद भी शहर के पटरी पार और शहर के बीच की आधी से अधिक आबादी अंधेरे में है। शुक्रवार शाम प्री-मानसून की तेज हवाओं ने बिजली आपूर्ति व्यवस्था की पोल खोल दी। शहर के कई क्षेत्रों में पिछले तीन-चार दिनों से कभी बिजली कटौती की जा रही है। इससे परेशान होकर विनोबा नगर के रहवासी बिजली ग्रिड पर पहुंचे। जब संतुष्ट पूर्ण जवाब नहीं मिला तो रहवासी आक्रोशित हो गए। बिजली कर्मचारी को अपने साथ थाने ले आए।
शहर के अलकापुरी, जवाहर नगर, पुराने आरटीओ ऑफिस और राजस्व नगर आदि शहरी आबादी क्षेत्रों में शुक्रवार शाम 7 बजे से बिजली बंद है। जो कि शनिवार शाम तक विद्युत सप्लाई बहाल नहीं हो पाई। इससे आमजन, बच्चे और बुजुर्ग उमस भरी भीषण गर्मी में परेशान होते रहे।
कर्मचारी को ही साथ लेकर आ गए
शनिवार दोपहर विनोबा नगर रहवासी विनोबा नगर विद्युत ग्रिड पर शिकायत करने पहुंचे। ड्यूटी पर तैनात कर्मचारी तनवीर चौहान से जवाब मांगा। लेकिन उसने किसी भी प्रकार से कोई जानकारी नहीं होने को कहा। रहवासियों ने कहा- किसी अधिकारी से बात कराओ। उसके लिए भी वह तैयार नहीं हुआ। इस दौरान हंगामा हुआ। रहवासियों ने बिजली कर्मचारी पर शराब के नशे में होने का आरोप लगाया। रहवासी कर्मचारी को थाना औद्योगिक क्षेत्र लेकर आ गए। यहां पर सब इंस्पेक्टर एचबी दीक्षित के सामने कर्मचारी की शिकायत की।
रहवासियों ने आरोप लगाया कि कर्मचारी तनवीर शराब के नशे में है। बिजली कटौती से परेशान हो गए है। कोई सुनने के लिए तैयार नहीं है। बिजली की सप्लाई बार-बार बंद हो रही है, वोल्टेज की समस्या बनी हुई है, और कंपनी का टोल फ्री नंबर 1912 या तो व्यस्त रहता है या कोई संतोषजनक जवाब नहीं मिलता।
जानकारी लेने गए तो उल्टे कहा जा रहा है कि जहां शिकायत करना है कर दो। सब इंस्पेक्टर ने रहवासियों को समझाया। फिर बिजली कंपनी के अधिकारियों से चर्चा करने का आश्वासन देकर को रवाना किया। कर्मचारी तनवीर चौहान मीटर रीडर है। कर्मचारी ने शराब के सेवन से मना किया। उसने कहा कि मुझे जबरन ग्रिड पर बैठा रखा है। बिजली बंद होने व आने की जानकारी बड़े अधिकारी बता पाएंगे। शराब के नशे के आरोप पर कहा कि मेरी जांच करा लो।
लापरवाही ने बढ़ाई जनता की तकलीफ
अलकापुरी निवासी सचिन गांवड़ेकर ने बताया कि बिजली नहीं होने से शुक्रवार रात बेहद मुश्किल से बीती। सुबह से अब तक ग्रिड पर बार-बार फोन किया लेकिन जवाब नहीं मिला। आज जब सीधे पहुंचे तो बदतमीजी का सामना करना पड़ा। रहवासी योगेश ने कहा घर में बच्चे-बुजुर्ग हैं, इन्वर्टर भी जवाब दे गए हैं। एक दिन से भी ज्यादा समय से बिजली नहीं है, कोई सुनने वाला नहीं। हम अगर बिल नहीं भरते हैं तो तत्काल आकर लाइट काट देते हैं, लेकिन पिछले 4 दिन से बार- बार लाइट बंद हो रही और पिछले 24 घंटे से सप्लाई ठप है तो इसका जिम्मेदार कौन है।
बता दें कि शुक्रवार शाम को तेज आंधी तूफान के कारण शहर में कई पेड़ धराशाई हो गए थे। बिजली पोल भी उखड़ गए थे। शनिवार शाम तक शहर के कई हिस्सों में सड़कों पर पेड़ व खंभे झुके हुए थे, जिन्हें नगर निगम व बिजली कंपनी दुरुस्त नहीं कर पाई।

error: Content is protected !!