• Sun. Aug 30th, 2026

घर नहीं लौटी कचरा बीनने गई गरीब महिला… नाले में पड़ा मिला शव, करंट लगने से मौत

BySurendra Jain

Jun 14, 2025

खबर पक्की, 14 जून, रतलाम। शहर के तेजा नगर क्षेत्र में शनिवार सुबह एक महिला का शव नाले में मिलने से सनसनी फैल गई। घटना माणक चौक थाना क्षेत्र के वार्ड क्रमांक 23 की है, जहां सुबह करीब 9.30 बजे एक महिला का शव औंधे मुंह पड़ा मिला। सूचना मिलते ही रहवासियों ने क्षेत्रिय पार्षद व पुलिस को सूचना देकर बुलाया। मृतिका की पहचान ईश्वर नगर निवासी 40 वर्षिय कमला बाई पति भारू के रूप में हुई। स्वजनों के अनुसार कमला बाई रोज की तरह सुबह करीब बजे कचरा बीनने के लिए घर से निकली थीं, लेकिन वापस नहीं लौटीं।
माणक चौक थाना टीआइ अनुराग यादव ने बताया सूचना मिलने पर पुलिस घटनास्थल पर पहुंची। शव के पास से कचरा बिनने का थैला मिला है। मौके पर बिजली के टूटे हुए तार भी पाए गए है। प्रारंभिक जांच में करंट लगने से महिला की मौत की आशंका जताई जा रही है। संभावना है की मृतिका कमलाबाई नाले में कचरा बीनने गई हो, उस दौरान टूटे बिजली के तार की चपेट में आ गई होंगी, जिससे करंट लगने के कारण मौत हो गई हो।
मामले में मर्ग कायम कर शव को पीएम के लिए मेडिकल कालेज भेज दिया गया। मामले की जांच की जा रही है। क्षेत्रिय पार्षद अक्षय संघवी ने बताया महिला गरिब है, जिसके परिवार में पति के अलावा एक बेटा व तीन बेटियां है। स्वजनों को मुख्यमंत्री राहत कोष से राशि स्वीकृत कराने का प्रयास कर रहे हैं।
सैलाना में करंट लगने से युवक की मौत
सैलाना के समीपस्थ ग्राम करिया में एक युवक की टेबल पंखे से करंट लगने पर मौत हो गई। स्वजन उसे तत्काल सैलाना सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले गए, जहां डॉक्टर ने मृत घोषित कर दिया। जानकारी के अनुसार गुरुवार शाम 6.15 बजे 40 वर्षीय अनोखीलाल पुत्र नंदलाल सोनार्थी निवासी ग्राम करिया नहाकर टावेल लपेटते हुए कमरे में घुसा। वहां कमरे में टेबल पर रखे पंखे से उसका हाथ टच हो गया। उसका हाथ पंखे से ही चिपक गया। स्वजन ने देखा तो उसे तत्काल पंखे से हटाकर दूर किया। उसे सैलाना सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले गए, लेकिन डॉ. शैलेश डांगे ने परीक्षण कर मृत घोषित कर दिया।

error: Content is protected !!