• Wed. Sep 2nd, 2026

खेत से चुराया 40 क्विंटल लहसुन : ट्रैक्टर-ट्रॉली में भरकर ले गए 2 लाख का लहसुन; लगातार दूसरे दिन हुई वारदात

BySurendra Jain

Mar 17, 2025

खबर पक्की, 17 मार्च, रतलाम। जिले के नामली में लगातार दूसरे दिन चोरों ने खेत में त्रिपाल ढक कर रखी 40 क्विंटल लहसुन चुरा ली। आज सुबह खेत पर जब किसान पहुंचे तो लहसुन गायब मिली। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। चोर अपने साथ ट्रैक्टर-ट्रॉली लेकर आए थे, उसी में लहसुन रख कर फरार हो गए।
चोरी की वारदात नामली में कलोरी रोड स्थित किसान द्वारका धारवा और मुन्नालाल गुजरिया निवासी नामली के खेत पर हुई। दोनों के खेत आस-पास है। दोनों ने लहसुन खेत में सुखाने के लिए रखी थी। बदमाशों ने मुन्नालाल के खेत से करीब 25 क्विंटल और द्वारका धारवा के खेत से करीब 15 क्विंटल लहसुन चुरा ले गए। चोरी की सूचना मिलने पर नगर में सनसनी फैल गई।
नामली थाना प्रभारी पातीराम डावरे के साथ पुलिस बल खेतों में पहुंचा। किसानों से जानकारी ली, आसपास क्षेत्रों में सर्चिंग की। अन्य किसान भी खेतों पर पहुंचे। चोरी गई लहसुन की कीमत करीब 2 लाख रुपए है। किसानों ने बताया कि खेत रोड से काफी अंदर है। आम व्यक्ति वहां पर नहीं पहुंचा सकता। किसानों ने बताया कि चोर मौके से सिर्फ लहसुन ही चुरा ले गए। जबकि, वहां पर अन्य सामान भी रखा था।
नहीं चला सोयाबीन से भरी ट्रैक्टर ट्रॉली का पता
बता दें कि, नामली में लगातार दूसरे दिन चोरों ने वारदात को अंजाम दिया है। शनिवार रात अनाज व्यापारी बंकटलाल कुमावत के घर के बाहर से सोयाबीन से भरी ट्रैक्टर ट्रॉली बदमाश चुरा ले गया था।
नगर की सड़क से ट्रैक्टर ट्रॉली ले जाते हुए चोर सीसीटीवी में कैद हुआ था। उसमें 20 क्विंटल सोयाबीन थी। लेकिन, अब तक पुलिस ट्रैक्टर ट्रॉली के बारे में पता नहीं कर पाई है। लगातार दो दिन से हो रही चोरी से नगरवासियों में आक्रोश है।
नामली टीआई पातीराम डावरे ने बताया सीसीटीवी चैक किए जा रहे है। चोरों की तलाश जारी है। टीम ट्रेक्टर ट्रॉली की तलाश में लगी है।

You missed

error: Content is protected !!