खबर पक्की, 2 सितंबर, रतलाम। सड़क सुरक्षा और यातायात नियमों के प्रति आमजन को जागरूक करने के उद्देश्य से पुलिस अधीक्षक अमित कुमार के निर्देशन में यातायात पुलिस रतलाम द्वारा दो बत्ती चौपाटी पर हेलमेट जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया।
कार्यक्रम के दौरान वाहन चालकों को हेलमेट पहनने के महत्व और सड़क सुरक्षा नियमों की जानकारी दी गई। इस अवसर पर करीब 100 दोपहिया वाहन चालकों को निशुल्क हेलमेट वितरित किए गए। साथ ही सभी वाहन चालकों को भविष्य में हमेशा हेलमेट पहनकर ही वाहन चलाने की शपथ दिलाई गई।
कार्यक्रम में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक राकेश पंद्रो, नगर पुलिस अधीक्षक सत्येंद्र घनघोरिया तथा डीएसपी ट्रैफिक आनंद सोनी उपस्थित रहे। अधिकारियों ने कहा कि दोपहिया वाहन चलाते समय हेलमेट सुरक्षा कवच का काम करता है। सड़क दुर्घटनाओं में सिर की चोट कई बार जानलेवा साबित होती है, जिसे हेलमेट पहनकर काफी हद तक रोका जा सकता है।
उन्होंने कहा कि पुलिस का उद्देश्य केवल चालानी कार्रवाई करना नहीं, बल्कि नागरिकों की जीवन सुरक्षा सुनिश्चित करना है। यातायात पुलिस ने नागरिकों से अपील की कि वे स्वयं और अपने परिवार की सुरक्षा के लिए यातायात नियमों का पालन करें तथा दोपहिया वाहन चलाते समय अनिवार्य रूप से हेलमेट पहनें।
दो बत्ती चौपाटी पर यातायात पुलिस ने बांटे 100 निशुल्क हेलमेट, सड़क सुरक्षा को लेकर वाहन चालकों को किया जागरूक, हेलमेट पहनने की दिलाई शपथ
