खबर पक्की, 2 सितंबर, रतलाम। रतलाम-जावरा फोरलेन पर बुधवार सुबह एक दर्दनाक घटना में तेज रफ्तार ट्रक की चपेट में आने से एक युवक की मौत हो गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की छानबीन शुरू की। पुलिस घटना के पीछे हादसा या आत्महत्या, दोनों पहलुओं पर जांच कर रही है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, बिलपांक थाना क्षेत्र के नौगांवा जागीर निवासी जगन्नाथ पिता शंकरलाल चौधरी सुबह करीब 9 बजे जावरा में चौपाटी स्थित फोरलेन के डिवाइडर पर बैठा हुआ था। इसी दौरान वह अचानक चलते ट्रक क्रमांक क्रछ्व 15 त्रक्च 1151 की चपेट में आ गया और गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद ट्रक चालाक ट्रक छोड़कर मौके से फरार हो गया।
अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने किया मृत घोषित
घटनास्थल पर देखते ही देखते लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई। सूचना मिलते ही जावरा औद्योगिक क्षेत्र पुलिस और शहर पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची। पुलिस ने गंभीर रूप से घायल जगन्नाथ को तत्काल जावरा अस्पताल पहुंचाया, जहां जांच के बाद डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस
जावरा औद्योगिक थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर दुर्घटनाग्रस्त ट्रक को जब्त कर लिया है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है ताकि घटना की सही वजह का पता लगाया जा सके। पुलिस का कहना है कि जांच के बाद ही स्पष्ट हो पाएगा कि यह महज एक दुर्घटना थी या युवक ने खुदकुशी का कदम उठाया था।
रतलाम-जावरा फोरलेन पर दर्दनाक हादसा : ट्रक की चपेट में आने से युवक की मौत, हादसा या खुदकुशी? जांच में जुटी पुलिस
