खबर पक्की, 22 फरवरी, रतलाम। चांदनीचौक स्थित छाजेड़ मार्केट में शनिवार को 17 वर्षीय किशोर ने संदिग्ध परिस्थिति में फांसी लगा ली। किशोर भावेश मईड़ा बाजना थाना क्षेत्र के मजोडिय़ा का रहने वाला था। वह अपने अंकल मांगीलाल मईड़ा के पास काम सीखने आया था, जो वहां चौकीदारी करता था।
शनिवार दोपहर जब मांगीलाल गांव से लौटा और कमरे का दरवाजा खटखटाया, तो कोई जवाब नहीं मिला। रोशनदान से झांकने पर भावेश पंखे से गमछे के सहारे लटका मिला, लेकिन उसके पैर मुड़े हुए जमीन पर टिके थे। मार्केट संचालक संजय छाजेड़ और माणकचौक थाना पुलिस को सूचना दी गई। थाना प्रभारी अनुराग यादव व पुलिस बल पहुंचा। शव को फंदे से उतारकर मेडिकल कॉलेज भेजा। सूचना मिलते ही भावेश के परिजन और समाजजन भी पहुंचे। जिला पंचायत उपाध्यक्ष केशुराम निनामा ने आत्महत्या पर संदेह जताते हुए काम के दबाव का आरोप लगाया। पुलिस ने छाजेड़ मार्केट के सीसीटीवी फुटेज खंगाले, जिसमें भावेश शुक्रवार को किसी से फोन पर बात करता दिखा। उसने गुस्से में मोबाइल फेंक दिया और कमरे में चला गया। बाद में पुलिस को मार्केट से टूटा हुआ मोबाइल मिला।
किशोर ने फांसी लगाई, मौत पर संदेह
