खबर पक्की, 22 फरवरी, रतलाम। रतलाम में हत्या के आरोपी ने थाने के अंदर खुद को आग लगा ली। आग बुझाने में 4 पुलिसकर्मियों के हाथ झुलस गए। युवक को अस्पताल ले जाया गया। मेडिकल कॉलेज में प्राथमिक उपचार के बाद उसे इंदौर रेफर कर दिया है।
घटना शुक्रवार रात करीब 12 बजे की है। अजय पंवार (35) नशे की हालत में डीडी नगर पुलिस थाने में पहुंचा। वह बाहर से ही खुद पर पेट्रोल छिड़ककर आया था। अजय कुछ लोगों के खिलाफ कार्रवाई करने का दबाव बनाने लगा। पुलिसकर्मी उसे समझा रहे थे तभी शोर-शराबा करते हुए उसने माचिस जला कर खुद को आग लगा ली। वह 50 प्रतिशत तक झुलस गया।
आग बुझाने में हेड कॉन्स्टेबल राजेंद्र मेवाड़ा, कॉन्स्टेबल राकेश, एएसआई मुरली मकवाना और पुलिसकर्मी जगदीश के हाथ झुलस गए। एसपी अमित कुमार ने मामले की जांच के आदेश दिए हैं। अजय पंवार पर हत्या समेत 6 से ज्यादा आपराधिक मामले दर्ज हैं।
ऑटो चालक की हत्या का आरोपी है अजय
पुलिस के अनुसार, अजय शहर में एक ऑटो चालक की हत्या का आरोपी है। मामले में कोर्ट ने उसे आजीवन कारावास की सजा सुनाई थी। कुछ दिन से वह जमानत पर था। इसी मामले में 9 जनवरी को गवाहों के खिलाफ वह मारपीट समेत अन्य धाराओं में केस दर्ज करवा चुका है। उसने शिकायत में बताया था कि 28 दिसंबर को गवाहों ने उससे मारपीट की थी। उसकी शिकायत पर पुलिस ने ईश्वर नगर के रहने वाले करण कटारा, राहुल कटारा, मुकेश कटारा, कला कटारा, अनीता कटारा, विकास पोरवाल और आयन के खिलाफ केस दर्ज किया था।
थाने में हत्या के आरोपी ने खुद को आग लगाई, 4 पुलिसकर्मियों के हाथ झुलसे, बाहर से पेट्रोल छिड़ककर आया था युवक
