• Mon. Oct 26th, 2026

कंजर डेरों में पुलिस की रेड : चलते ट्रक से चुराए थे बकरे, पुलिस छुड़ाकर लाई, तीन कंजरों को हिरासत में लिया

BySurendra Jain

Feb 7, 2025

खबर पक्की, 7 फरवरी, रतलाम। जावरा-रतलाम फोरलेन पर रविवार रात चलते ट्रक से बदमाश 30 से अधिक बकरे चुरा ले गए। पुलिस को शुरू से कंजर गिरोह पर आशंका दी। शुक्रवार सुबह जावरा क्षेत्र के आसपास कंजर डेरों में पुलिस ने दबिश दी। ट्रक से चोरी किए बकरे पुलिस ने बरामद किए। तीन बदमाशों को हिरासत में लिया। शुक्रवार दोपहर पुलिस इस मामले का खुलासा कर सकती है।
चोरी को ट्रेस करने में लगी थी पुलिस
घटना के बाद से एसपी अमित कुमार व एएसपी राकेश खाखा टीम के साथ इस चोरी को ट्रेस करने में लगे थे। पुलिस घटना के बाद से लगातार कंजरो के डेरों में सर्चिंग कर रही थी। एएसपी राकेश खाखा के नेतृत्व में जावरा सीएसपी दुर्गेश आर्मों, औद्योगिक थाना प्रभारी मुनींद्र गौतम की टीम ने राजाखेड़ी में कंजर डेरों में दबिश देकर 74 बकरे बरामद किए।
जिसमें से 30 बकरे ट्रक कटिंग कर चुराए गए थे। सभी बकरों को ट्रक में भरकर पुलिस थाने में लेकर आई। पुलिस तीन लोगों को हिरासत में ले लिया है। जिनसे पूछताछ की जा रही है।
यह था मामला
रविवार रात करीब 3 बजे एक ट्रक लोहारी फंटे से आगे पहुंचा था। तभी बाइक से आए 5 से 6 बदमाश चलते ट्रक के ऊपर चढ़ गए। ट्रक के ऊपर बकरों की देखभाल के लिए कर्मचारी मकसूद आलम पिता शेख कमरुद्दीन निवासी छबरा बिहार बैठा था। जिसे तलवार और चाकू से डराया धमकाया।
चलते ट्रक से रोड किनारे फेंके बकरे
ड्राइवर हसन अली निवासी फलोदी जोधपुर को ट्रक रोकने नहीं दिया। मकसूद द्वारा बकरा चोरी का विरोध किया तो बदमाशों ने उस पर चाकू से हमला भी कर दिया। बदमाशों ने चलते ट्रक से करीब 40 बकरे रोड किनारे फेंक दिए। मलेनी नदी आते-आते बदमाश भाग निकले। घटना के बाद जावरा पुलिस को सूचना दी गई। घायल मकसूद को जावरा अस्पताल में भर्ती कराया गया। ट्रक ड्राइवर सीकर राजस्थान से ट्रक में बकरे भरकर मुंबई की तरफ ले जा रहे थे। एएसपी राकेश खाखा बताया कि कंजर डेरों में रेड मारी है। ट्रक कटिंग कर चुराए गए बकरे बरामद किए है। तीन लोगों को अभिरक्षा में लेकर पूछताछ की जा रही है।

You missed

error: Content is protected !!