• Mon. Oct 26th, 2026

एक ही रात में 6 दुकानों के उचकाए शटर : रतलाम में ताला तोड़े बिना मिठाई व मेडिकल स्टोर से ले उड़े नकदी, सीसीटीवी में कैद

BySurendra Jain

Feb 6, 2025

खबर पक्की, 6 फरवरी, रतलाम। रतलाम में चोरी की वारदातें रुकने का नाम नहीं ले रही हैं। बुधवार रात अज्ञात बदमाश बिना ताला तोड़े मिठाई व मेडिकल स्टोर का शटर उचका कर हजारों रुपए ले उड़े। इन दो दुकानों के अलावा चोरों ने आसपास ऑटो मोबाइल्स, राहत लॉज में स्थित दुकान, ट्रैक्टर शो-रूम समेत किराना दुकान पर भी चोरी का प्रयास किया। ये सभी दुकानें आसपास हैं।
सभी जगह चोरों ने शटर उचका कर चोरी का प्रयास किया। लेकिन कुछ ले जाने में सफल नहीं हो पाए। बदमाश सीसीटीवी में कैद हुए हैं। शहर में एंट्री का मुख्य चौराहे पर एक ही रात में 6 दुकानों पर हुई घटना से व्यापारियों में आक्रोश है।
नकदी समेत दुकान का सामान भी ले गए
चोरी की वारदात शहर के स्टेशन रोड थाना अंतर्गत मुख्य चौराहा फव्वारा चौक से लगे महू रोड की दुकानों पर हुई है। महू रोड स्थित जैन मिठाईवाला दुकान संचालक नयन मूणत निवासी शुभम रेसीडेंसी त्रिवेणी रोड ने बताया कि बुधवार रात 11.30 बजे दुकान बंद करके गए थे। प्रतिदिन सुबह सवा 5 बजे कर्मचारी आकर दुकान खोलते हैं।
गुरुवार सुबह जब कर्मचारी रामलाल आया तो दुकान का शटर बीच में से उचका दिखाई दिया। कर्मचारी ने हमें सूचना दी। आकर देखा तो चोर दुकान के गुल्लक में रखे करीब 15 से 16 हजार रुपए के नकदी के 2200 रुपए के नमकीन व बिस्किट, चॉकलेट के पैकेट व दुकान में रखी 15 से 17 ग्राम केसर की डिब्बी भी चुरा ले गए। केसर की कीमत करीब 4 हजार रुपए है, बाद में पुलिस को सूचना दी।
मयंक मेडिकल का भी शटर उचकाया
जैन मिठाई वाला के सामने वाली रोड पर स्थित मयंक मेडिकल एवं जनरल स्टोर पर भी चोरों ने शटर उचका कर चोरी की घटना को अंजाम दिया। मेडिकल स्टोर संचालक राजेंद्र कुमार जैन ने बताया कि चोर गुल्लक में रखे करीब 7 हजार रुपए चोरी कर ले गए। इसके अलावा विक्स व बाम की शीशियां पर 3200 रुपए की चोरी कर ले गए।
इनके यहां पर चोरी का प्रयास
मेडिकल स्टोर के पास अंकित खंडेलवाल की विजय ऑटो मोबाइल्स की दुकान एवं तौफिक खान की राहत लॉज पर भी चोरी का प्रयास हुआ है। लेकिन वहां से कुछ चोरी नहीं गया। मिठाईवाला की दुकान के पास ही एक ट्रैक्टर शो-रुम भी है। इसका भी शटर उचकाया। लेकिन कुछ नहीं ले जा पाए।
एक साल पहले भी हुई चोरी
चोरों ने महू रोड प्राइवेट बस स्टेंड में स्थित लक्ष्मी किराना दुकान का भी लोहे की जाली को उचकाकर चोरी का प्रयास किया। दुकान संचालक शैलेंद्रसिंह राठौर ने बताया गुरुवार सुबह जब आए तो लोहे का जाली वाला गेट मुड़ा हुआ दिखा। सीसीटीवी चैक किए तो तीन से चार बदमाश दुकान की तरफ से जाते दिखे। राठौर के अनुसार एक साल पहले भी उनकी दुकान में चोरी हो चुकी है। उस समय चोर करीब 20 हजार रुपए की सिल्लक व दुकान में रखे चांदी के सिक्के चुरा ले गए थे।
टीआई समेत एफएसएल टीम पहुंची
चोरी की सूचना पर स्टेशन रोड थाना प्रभारी स्वराज डाबी, चीता फोर्स समेत एफएसएल की टीम भी पहुंची। फिंगर प्रिंट जांचे, वह आसपास के सीसीटीवी देखे। फव्वारा चौक पर लगे पुलिस के सीसीटीवी में भी चोर दिखे हैं। चोर महू रोड प्राइवेट बस स्टेंड की तरफ से होते हुए रेल की पटरियों की तरफ जाते हुए दिखाई दिए हैं।
मुहं पर कपड़ा बांधे दिखे
जैन मिठाईवाला की दुकान में लगे सीसीटीवी में 5 चोर शटर उचकाते हुए दिखे। गाड़ी की रोशनी आने पहले सभी आड़ में बैठ गए। बाद में सभी मिलकर दुकान का शटर उचकाया। दो बदमाश नीचे लेट दुकान के अंदर घुसे। चोर यहां पर रात 2.05 मिनट बजे शटर उचकाते हुए सीसीटीवी में कैद हुए है। उसके बाद 2.20 बजे रवाना हुए हैं, सभी ने अपने मुहं ढक रखे थे। पिछले सप्ताह भी शहर के धानमंडी में एक किराना दुकान पर शटर उचकाकर चोरी की वारदात हुई थी। लेकिन अभी तक उसके भी चोर पकड़ में नहीं आए।

You missed

error: Content is protected !!