खबर पक्की, 31 जनवरी, रतलाम जिले के आलोट जनपद पंचायत में आर्थिक अपराध प्रकोष्ठ ईओडब्ल्यू ने शुक्रवार को मनरेगा के सहायक लेखा अधिकारी मनीष ललावत (50) को 15 हजार रुपए की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार किया है।
आरोपी अधिकारी ने ग्राम लोनी के सरपंच सत्यनारायण बोड़ाना से नंदन फलोद्यान योजना के दो लाख रुपए के बिल का भुगतान करने के एवज में 8त्न कमीशन के रूप में 15 हजार रुपए की मांग की थी। सरपंच की शिकायत पर ईओडब्ल्यू ने तुरंत कार्रवाई करते हुए एक योजना बनाई और आरोपी को रिश्वत लेते हुए धर दबोचा।
डीएसपी अमित वट्टी के नेतृत्व में की गई इस कार्रवाई में ईओडब्ल्यू की एक बड़ी टीम शामिल थी। टीम में डीएसपी अजय कैथवास, निरीक्षक रीमा यादव, निरीक्षक अनिल शुक्ला, एसआई अर्जुन मालवीय, एएसआई अशोक राव सहित कई अन्य पुलिसकर्मी मौजूद थे। विभाग के अधिकारियों ने बताया कि मामले में आगे की जांच जारी है और अन्य भ्रष्टाचार के मामलों की भी जांच की जा रही है।
ईओडब्ल्यू ने मनरेगा अधिकारी को घूस लेते पकड़ा : सहायक लेखा अधिकारी ने फलोद्यान योजना के बिल पास करने के लिए मांगे थे 15 हजार
