• Fri. Sep 4th, 2026

कार ने मारी टक्कर, स्वास्थ्यकर्मी की मौत : सहयोगी के साथ ड्यूटी से लौट रही थी, 100 फीट तक घसीटा, एक घायल

BySurendra Jain

Jan 31, 2025

खबर पक्की, 31 जनवरी, रतलाम। रतलाम- खाचरौद रोड पर शुक्रवार दोपहर एक भीषण हादसे में कार चालक ने स्कूटी सवार दो महिला स्वास्थ्यकर्मियों को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार ने स्कूटी को 100 फीट तक घसीटा और बिजली पोल से टकराते हुए रोड से नीचे उतर गई। इस दुर्घटना में एक महिला की मौत हो गई, जबकि दूसरी गंभीर रूप से घायल हो गई और उसे इंदौर रेफर किया गया।
जानकारी के अनुसार, रतलाम के मलवासा उप स्वास्थ्य केंद्र से ड्यूटी कर लौट रहीं रतलाम निवासी कम्युनिटी हेल्थ अधिकारी अनिता (28) पति दीपक गरवाल और एएनएम मंगला सिसोदिया (54) पति स्व. गजेंद्र सिंह सिसोदिया अपनी स्कूटी से रतलाम आ रही थीं। रतलाम से करीब 13 किमी दूर बाजनखेड़ा के पास नागदा से आ रही एक कार ने अचानक स्कूटी को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर के बाद अन बैलेंस होकर स्कूटी को घसीटते हुए कार ने बिजली पोल को टक्कर मारी और रोड से नीचे उतर गई। घटना में कार व स्कूटी पूरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गई।
कार चालक मौके से फरार
हादसे की सूचना मिलने पर स्टेशन रोड थाना पुलिस व आसपास के ग्रामीण पहुंचे। घायल महिला स्वास्थ्यकर्मियों को 108 से रतलाम मेडिकल कॉलेज भेजा। जहां एएनएम मंगला सिसोदिया (54) को मृत घोषित कर दिया। कम्युनिटी हेल्थ अधिकारी अनिता (28) को गंभीर घायल होने पर इंदौर रेफर किया। घटना के बाद मौके से कार चालक भाग गया। शाम तक कार चालक व कार में कौन-कौन बैठा था, इसका पता नहीं चल पाया।
मृतिका के बेटे की 20 फरवरी को थी शादी
मृतिका मंगला सिसोदिया के पति का काफी समय पहले निधन हो चुका है। 20 फरवरी को इनके बेटे की शादी होने वाली थी। घटना के बाद से परिवार में गमगीन माहौल है। गंभीर घायल कम्युनिटी हेल्थ अधिकारी अनिता गरवाल की एक 2 साल की बेटी है। ये मूलत: राजस्थान के प्रताप गढ़ जिले की साखतली की रहने वाली हैं।
पीछे से मारी टक्कर
स्टेशन रोड थाना प्रभारी स्वराज डाबी ने बताया कार चालक ने पीछे से टक्कर मारी है। एक महिला की मौत हो गई है। एक अन्य गंभीर घायल को इंदौर रेफर किया है। कार चालक के बारे में जानकारी जुटाई जा रही है।

You missed

error: Content is protected !!