खबर पक्की, 21 जनवरी, रतलाम। जिले के शिवगढ़ थाना क्षेत्र अंतर्गत राजापुरा माताजी के पास केलकच्छ रोड पर मंगलवार सुबह एक युवक की लाश पुलिया के नीचे पाइप में मिली। मृतक का सिर पत्थरों से कुचला हुआ लग रहा था। सूचना पर पुलिस अधिकारी समेत डॉग स्क्वाड पहुंचा। पुलिस ने हत्या की आशंका जताई है।
मृतक की पहचान देवीलाल (40) पिता प्रभुलाल कटारा निवासी देवीपाड़ा के रूप में हुई। सूचना पर एएसपी राकेश खाखा, ग्रामीण एसडीओपी किशोर पाटनवाला, एफएसएल अधिकारी अतुल मित्तल, डॉग स्क्वाड समेत शिवगढ़ थाना पुलिस बल पहुंचा। शव को पाइप से निकाला। युवक के हाथ पर देवीलाल गुदा हुआ था। आसपास के ग्रामीण भी वहां पर एकत्र हुए। मौके से पंचनामा बनाकर पीएम के लिए शव दोपहर 1.30 बजे मेडिकल कॉलेज भेजा।
मजदूरी करता था
प्राथमिक जानकारी के अनुसार युवक तीन दिन से घर से गायब था। खेतों में प्याज व मटर तोडऩे (मजदूरी) के लिए घर से निकला था। मृतक के सिर को पत्थरों से कुचल रखा था। यहां तक चेहरे पर पत्थरों को रखा हुआ था। पत्थरों पर खून के निशान मिले हैं। शराब की बोतल भी मिली है।
पत्नी ने छोड़ रखा
एएसपी राकेश खाखा ने बताया, देवीलाल शादीशुदा था। ज्यादा शराब पीने के कारण, उसे पत्नी ने छोड़ दिया था। जिस जगह शव मिला, उस जगह से करीब 1 किमी दूर तक डॉग गया। बीच में एक पुलिया भी आई। वहां कुछ देर डॉग रुका। उसके बाद वहां से आगे बढ़ गया। पुलिस को आशंका है कि युवक की हत्या कर शव लाकर पुलिया के नीचे पाइप में रखा फिर इस पर पत्थर रख दिए। पुलिस हत्या के एंगल से जांच में जुटी है।
पुलिया के नीचे मिली लाश : हत्या की आशंका, सिर को पत्थरों से कुचला, तीन दिन से लापता था
