• Thu. Sep 10th, 2026

राजस्व मंत्री की टिप्पणी से रतलाम जिले के तहसीलदार नाराज, बोले- अपमान नहीं सहेंगे, माफी मांगें; तीन दिन के सामूहिक अवकाश पर गए

BySurendra Jain

Jan 13, 2025

खबर पक्की, 13 जनवरी, रतलाम। प्रदेश के राजस्व मंत्री करण सिंह वर्मा की महिला तहसीलदार पर की गई टिप्पणी से तहसीलदार नाराज हैं। मध्यप्रदेश राजस्व अधिकारी (कनिष्ठ प्रशासनिक सेवा) संघ के नेतृत्व में रतलाम जिले के तहसीलदार आज (सोमवार) से तीन दिन के सामूहिक अवकाश पर चले गए।
तहसीलदारों ने कलेक्टर बंगले पर पहुंचकर कलेक्टर राजेश बाथम को सीएम के नाम ज्ञापन सौंपा। तहसीलदारों ने चेतावनी दी है कि राजस्व मंत्री माफी मांगें। महिला साथी के अपमान को नहीं सहेंगे।
तीन दिन पहले की थी टिप्पणी
ज्ञापन में बताया गया कि प्रदेश के राजस्व मंत्री करण सिंह वर्मा ने 10 जनवरी को संवर्ग की महिला तहसीलदार के प्रति सार्वजनिक मंच से अमर्यादित टिप्पणी की है। जिससे पूरा संवर्ग आहत है। पूर्व में भी मंत्री ने एक तहसीलदार को मंच से निलंबित किया था। जबकि उस प्रकरण में कलेक्टर और आयुक्त ने जांच की तो तहसीलदार की गलती नहीं मिली, उन्हें दोष मुक्त किया गया। हम इसके विरोध में सामूहिक अवकाश पर रहेंगे। तहसीलदार ऋषभ ठाकुर ने बताया कि हम दिन रात काम करते हैं। हमारा भी स्वाभिमान है। अमर्यादित भाषा और अपमान को सहन नहीं किया जाएगा। तहसीलदारों ने अपना विरोध दर्ज कराने के लिए सभी शासकीय वॉट्सऐप ग्रुप से भी बाहर होने का फैसला किया है। तीन दिन के अवकाश की सूचना ज्ञापन के माध्यम से कलेक्टर को दी है।
काम होंगे प्रभावित
यह विरोध पूरे प्रदेश में किया जा रहा है। इससे प्रशासनिक कार्य प्रभावित होने की संभावना है। क्योंकि तहसीलदार राजस्व विभाग के महत्वपूर्ण अधिकारी होते हैं। उनकी अनुपस्थिति से राजस्व संबंधी कार्य, भूमि विवाद और अन्य प्रशासनिक गतिविधियां प्रभावित हो सकती हैं।

You missed

error: Content is protected !!