• Wed. Oct 28th, 2026

रतलाम पुलिस का न्यू ईयर तक का प्लान : हुड़दंगियों पर रहेगी नजर, रोज रात घूमेगा जेल वाहन; एसपी भी खुद सड़क पर आएंगे नजर

BySurendra Jain

Dec 28, 2024

खबर पक्की, 28 दिसंबर, रतलाम। थर्टी फस्र्ट व न्यू ईयर को देखते हुए पुलिस हुड़दंग करने वालों पर नजर रखेगी। पुलिस सड़क से लेकर सायबर पेट्रोलिंग करेगी। शहर से लेकर होटल व ढाबों पर हुड़़दंगियों पर खास नजर रहेगी। थाना प्रभारी भी अपने-अपने क्षेत्रों में पुलिस बल के साथ गली-मोहल्लों व चौराहों पर पैदल घूमेंगे। यहां तक खुद एसपी भी सड़क पर नजर आएंगे।
रतलाम पुलिस ने न्यू ईयर 1 जनवरी तक का प्लान तैयार किया है। थर्टी फर्स्ट व न्यू ईयर के जश्न के दौरान हुड़दंगियों व बेवजह सड़कों पर घूमने वालों को जेल की हवा खाना पड़ सकती है। पुलिस ने अपने प्लान के तहत देर रात तक सड़कों पर घूमना शुरू कर दिया है। गुंडों को थाने पर लाकर परेड भी कराई जा रही है।
एसपी अमित कुमार ने बताया कि सुरक्षा व्यवस्था को लेकर प्लान तैयार किया जाएगा। चौतरफा पुलिस की नजर रहेगी। शहर से लेकर होटल व ढाबों में अगर शराब नहीं परोसी जाएगी तो कार्रवाई की जाएगी। हर थाना क्षेत्र में पुलिस सादी ड्रेस में घूमेगी। शाम 6 से रात 10 बजे तक वह खुद भी सड़कों पर टीम के साथ उतरेंगे। जिले की बॉर्डर पर शाम 7 से रात 10 बजे तक नाकेबंदी कर चेकिंग की जाएगी। सोशल मीडिया पर लगातार सायबर टीम द्वारा वाचिंग की जा रही है।
एसपी कुमार के अनुसार प्रतिदिन सड़कों पर बेवजह घूमने वालों युवाओं पर भी कार्रवाई होगी। 1 जनवरी तक प्रतिदिन रात्रि में अलग-अलग थाना क्षेत्रों में जेल वाहन घूमेगा। चौराहों, होटलो व बिना काम बेवजह घूमते मिलने वालों को पकड़ कर जेल भेजने की कार्रवाई की जाएगी।

You missed

error: Content is protected !!