खबर पक्की, 10 दिसंबर, रतलाम। कर्ज, क्राइम और करप्शन भाजपा सरकार का चाल, चरित्र और चेहरा है। उधार लेकर घी पी रहे हैं और मजदूर, किसान, महिला और नौजवान के जिंदगी में जहर घोल रहे हैं । यह बात कांग्रेस के रतलाम जिले के प्रभारी सरदारपुर विधायक प्रताप ग्रेवाल ने कहीं। आप शहर कांग्रेस द्वारा 16 दिसंबर को विधानसभा घेराव के जंगी प्रदर्शन के संदर्भ में कार्यकर्ता सम्मेलन को संबोधित कर रहे थे! प्रताप ग्रेवाल ने कहा कि विजयपुर और बुधनी के परिणाम ने झूठ और फरेब से बनी सरकार को आइना दिखा दिया है! मंत्री हार जाए और मुख्यमंत्री अपने पीठ थपथपाएं। राजनीति में इससे ज्यादा शर्मनाक और क्या होगा?
ग्रेवाल ने कहा कि कर्ज, क्राईम, करप्शन, महंगाई, बेरोजगारी, किसान और किसानी की बर्बादी के खिलाफ 16 दिसंबर को विधानसभा का घेराव किया जाएगा।
ग्रेवाल ने बांग्लादेश में हिंदुओं पर हो रहे अत्याचार को रोकने में सरकार की दो मुखी नीति को कायरता बताते हुऐ मोदी सरकार पर जमकर प्रहार किया। उन्होंने कहा कि अफसर बांग्लादेश जाकर ढाका में गिड़गिड़ा रहे हैं। मोदी जी के चहेते बांग्लादेश में बिजली , पानी और सड़क दे रहे हैं। मोदी सरकार बांग्लादेश से व्यापारिक और राजनीतिक संबंध समाप्त क्यों नहीं कर लेती? बांग्लादेश को सैनिक कार्रवाई की खुली चेतावनी क्यों नहीं देती? कार्यकर्ता सम्मेलन के दौरान सर्वानुमति से बांग्लादेश में हिंदुओं पर अत्याचार के खिलाफ मोदी सरकार के खिलाफ निंदा प्रस्ताव तथा बांग्लादेश से व्यापारिक तथा राजनीतिक संबंध तोड़कर कठोर कार्रवाई करने का प्रस्ताव पास किया गया
शहर अध्यक्ष महेंद्र कटारिया ने कहा कि 16 दिसंबर को शहर से 500 से अधिक कार्यकर्ता भोपाल जाएंगे । उन्होंने कहा कि शहर में कांग्रेस संगठन को बूथ स्तर पर मजबूत करने का कार्य प्रारंभ कर दिया गया है । और शीघ्र ही भाजपा के भ्रष्टाचार के खिलाफ शहर में भी प्रदर्शन किया जाएगा। नगर निगम में नेता प्रतिपक्ष शांतिलाल वर्मा ने कहा कि नगर निगम लूट का चरागाह बन गया है , और उसके खिलाफ एक जंगी प्रदर्शन और आंदोलन प्रारंभ किया जाएगा।
प्रताप ग्रेवाल ने सम्मेलन के पहले जिला समन्वय समिति की बैठक ली। उन्होंने कहा कि कांग्रेस संगठन की यह अति महत्वपूर्ण इकाई है । तथा इसके सम्माननीय सदस्यो को संगठन को मजबूत बनाने, वास्तविक कार्यकर्त्ता को उचित सम्मान देने, तथा बोगस को बाहर करने की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी का निर्वाह करना है। इसके पूर्व अतिथियों का स्वागत वरिष्ठ नेत्री यास्मीन शैरानी, उपनेता कमरुद्दीन कछवाय, पूर्व महापौर सतीश पुरोहित, ब्लॉक कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष वीरेंद्र प्रताप सिंह, सोहेल काजी, युवा कांग्रेस अध्यक्ष सैयद वूसत, अमरसिंह शेखावत, प्रवक्ता जोयब आरिफ, सुजीत उपाध्याय राजीव रावत, रामचंद्र धाकड़, सचेतक आशा रावत ने किया।आभार प्रदर्शन रजनीकांत व्यास ने किया।
कर्ज, क्राइम और करप्शन भाजपा सरकार का चाल, चरित्र और चेहरा है : प्रताप ग्रेवाल
