• Wed. Oct 28th, 2026

जिला स्तरीय जनसुनवाई में 36 आवेदनों पर सुनवाई कर निराकरण के लिए संबंधित विभागों को निर्देश जारी किए गए

BySurendra Jain

Dec 3, 2024

खबर पक्की, 3 दिसंबर, रतलाम। जिला स्तरीय जनसुनवाई मंगलवार को कलेक्टर कार्यालय सभाकक्ष में संपन्न हुई। इस दौरान एडीएम डा. शालिनी श्रीवास्तव ने 36 आवेदनों पर जनसुनवाई करते हुए संबंधित विभागों को निराकरण के लिए निर्देशित किया।
जिला स्तरीय जनसुनवाई में विनायक कालोनी रतलाम निवासी संजयसिंह पंवार ने जनसुनवाई में आवेदन देते हुए बताया कि प्रार्थी की पुत्री के लिए आरटीओ में लायसेंस बनवाए जाने हेतु आवेदन दिया जा चुका है, इसके उपरांत भी ड्रायविंग लायसेंस नहीं बनाया जा रहा है और हर बार उसे ड्रायविंग टेस्ट में फेल कर दिया जाता है। पुत्री का लायसेंस क्यों नहीं बनाया जा रहा है, यह समझ से परे है। ड्रायविंग लायसेंस नहीं होने से काफी समस्याओं का सामना करना पड रहा है। कृपया ड्रायविंग लायसेंस बनवाया जाए। आवेदन निराकरण के लिए आर.टी.ओ. कार्यालय भेजा गया है।
ग्राम नयापुरा (बडावदा) निवासी फुलाबाई ने अपने आवेदन में बताया कि प्रार्थिया के पति की करंट लगने से मृत्यु हो गई थी। ससुराल पक्ष के लोगों की मिली भगत के कारण प्रार्थिया अपने पति की मृत्यु से संबंधित किसी प्रकार के दस्तावेज और मृत्यु प्रमाण पत्र प्राप्त नहीं कर पाई, जिससे शासन से मिलने वाली योजना से प्रार्थिया को वंचित होना पडा। प्रार्थिया की दो छोटी लडकियां हैं जिनका लालन-पालन करने में काफी परेशानियों का सामना करना पड रहा है। प्रार्थिया को पति की मृत्यु उपरांत मिलने वाली योजना का लाभ प्रदान करने की कृपा करें जिससे वह परिवार का लालन-पालन कर सके। आवेदन निराकरण के लिए तहसीलदार जावरा को भेजा गया है।
विद्या विहार कालोनी रतलाम निवासी प्रदीप कुमार जैन ने अपने आवेदन में बताया कि प्रार्थी द्वारा जिला पंचायत रतलाम में इलेक्ट्रीशियन रिपेयरिंंग और मेंटेनेंस का कार्य किया जाता है। पूर्व सीईओ जिला पंचायत द्वारा जिला पंचायत कार्यालय और निवास पर इलेक्ट्रीक रिपेयरिंग का कार्य करवाया गया था जिसका भुगतान नहीं किया गया। कृपया उक्त किए गए कार्य का भुगतान दिलवाया जाए। आवेदन निराकरण के लिए सीईओ जिला पंचायत को भेजा गया है।
ग्राम मलवासा निवासी बाबूलाल ने जनसुनवाई के दौरान अपना आवेदन देते हुए बताया कि जनपद पंचायत रतलाम द्वारा 27 जून 2023 को मलवासा सिंचाई जलाशय को मछली पालन हेतु लीज प्रदान करने की विज्ञप्ति जारी की गई थी। हमारी संस्था शीतला माता स्वसहायता समूह मछुआ समूह ग्राम मलवासा द्वारा लीज प्राप्त करेन हेतु आवेदन करते हुए ग्राम पंचायत द्वारा पारित प्रस्ताव-ठहराव भी संलग्न किया गया था बावजूद इसके उक्त लीज इंदिरा मत्स्योद्योग सहकारी समिति की स्वीकृत कर दी गई। उक्त समिति पूर्णतया फर्जी होकर प्रचलन में नहीं है और इस समिति के सदस्य भी बाहरी व्यक्ति हैं। उक्त समिति को लीज स्वीकृत कर अवैधानिक रुप से लाभ पहुंचाया जा रहा है जिसकी जांच की जाकर पात्र समिति को लीज स्वीकृत की जाए। आवेदन निराकरण के लिए मत्स्य पालन विभाग को भेजा गया है।

You missed

error: Content is protected !!