• Wed. Oct 28th, 2026

जिला सड़क सुरक्षा समिति की बैठक में कई निर्णय लिए गए

BySurendra Jain

Dec 2, 2024

खबर पक्की, 2 नवंबर, रतलाम। जिला सड़क सुरक्षा समिति के लिए सोमवार को बैठक आयोजित की गई। कलेक्टर राजेश बाथम की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट में आयोजित उक्त बैठक में यातायात सुधार एवं सड़क सुरक्षा के संबंध में कई निर्णय लिए गए। बैठक में पुलिस अधीक्षक अमित कुमार, सीईओ जिला पंचायत श्रृंगार श्रीवास्तव, एडीएम डॉ. शालिनी श्रीवास्तव, एसडीएम अनिल भाना, कार्यपालन यंत्री लोक निर्माण विभाग अनुरागसिंह, जिला परिवहन अधिकारी दीपक माझी, डीसीपी ट्रैफिक अनिल राय, एमपी आरडीसी के अतुल मूले आदि अधिकारी उपस्थित थे।
बैठक में कलेक्टर राजेश बाथम ने निर्देश दिए कि जिले में जहां भी ब्लैक स्पॉट है, जहां ज्यादा दुर्घटनाएं होती हैं वहां पर संबंधित विभागों की सामूहिक टीम जाकर निरीक्षण करके निराकरण के लिए कार्य योजना तैयार करेगी। रतलाम शहर में नो एंट्री कार्य योजना बनाने के भी निर्देश दिए गए। मांगरोल फंटा तथा रतलाम शहर में विधायक सभागृह के सामने मीडियम कट बनाने के लिए निर्देशित किया गया। एमपीआरडीसी के अधिकारी को निर्देशित किया गया कि उनकी सड़क पर जहां भी अतिक्रमण बचे हुए हैं, तत्काल हटवाया जाए तथा रोड नवीनीकरण के कार्य को तेजी से पूर्ण करें। जावरा चौपाटी तथा भीमाखेड़ी फन्टे पर ब्लैक स्पॉट का स्थाई निराकरण करने तथा जावरा रेलवे ओवर ब्रिज के कनफ्लिक्ट पॉइंट के लिए प्लान तैयार करने हेतु निर्देशित किया गया। रतलाम शहर में पार्किंग व्यवस्था पर भी विचार विमर्श किया गया। शहर के नजदीक बाजेड़ा फंटे पर सड़क पर स्पीड ब्रेकर के लिए पीएमजीएसवाई के अधिकारी को निर्देशित किया गया। कलेक्टर ने निर्देश दिए कि जिले में कहीं भी दुर्घटना होने पर तत्काल पहुंचने के लिए टीम तैयार की जाए, जो फौरन एक्शन लेगी।
पुलिस अधीक्षक अमित कुमार ने निर्देशित किया कि शहर में ओवर स्पीड पर नियंत्रण के लिए जिगजेग लगाए जाएं। इसी प्रकार हाईवे पर इंटरसेप्टर तैनात की जाए। बैठक में तय किया गया कि रतलाम शहर में सार्वजनिक परिवहन सेवा के वाहनों के रूट नए सिरे से डिसाइड किए जाएंगे। मैजिक आदि वाहनों पर उनके रूट नंबर भी डाले जाएंगे। बैठक में कलेक्टर द्वारा निर्देशित किया गया कि पीडि़त प्रतिकर राशि के अंतर्गत दुर्घटना प्रकरण का समय सीमा में निराकरण सुनिश्चित किया जाए।

You missed

error: Content is protected !!