• Wed. Oct 28th, 2026

तालाब में डूबे युवक का पांचवे दिन मिला शव : लकड़ी की नाव पर बैठ दोस्त के साथ मछली पकडऩे तालाब के बीच गया था

BySurendra Jain

Nov 28, 2024

खबर पक्की, 28 नवंबर, रतलाम। जिले के कमेड़ के तालाब में मछली पकडऩे गए युवक रविवार को डूब गया था। घटना के पांच दिन बाद गुरुवार सुबह युवक का शव पानी में से ऊपर आ गया। ग्रामीणों व रेस्क्यू टीम के सदस्यों ने देख तालाब में से शव को निकाला। पीएम के लिए रतलाम मेडिकल कॉलेज भेजा।
घटना रतलाम से करीब 35 किमी दूर स्थित गांव कमेड़ में हुई थी। कमेड़ निवासी राजू निनामा (14) पिता शालीग्राम निनामा और इरफान (14) पिता आबिद रविवार सुबह गांव के कमेड़ तालाब में मछली पकडऩे गए थे। वह लकड़ी की नाव पर बैठ तालाब के बीच गए।
बैलेंस बिगडऩे पर दोनों पानी में डूब गए। इन दोनों युवकों से 50 मीटर दूर गांव का ही इमरान पिता सिकंदर (23) भी तालाब में ट्यूब के सहारे मछली पकडऩे गया था। अचानक से शोर मचने पर इमरान दोनों युवकों के पास पहुंचा।
पहले हाथ में इरफान आया। उसे जैसे-तैसे बचाकर तालाब के किनारे लेकर आया। वापस उसी जगह पहुंचा जहां दोनों युवक डूबे थे। इतने में दूसरा युवक राजू वहां नजर नहीं आया। इमरान ने उसे तलाश किया, लेकिन नहीं मिला। तब गांव में सूचना दी।
तब से युवक की राजू की तलाश की जा रही थी। एसडीआरएफ की टीम के साथ ग्रामीण भी लगातार तालाब में सर्चिंग कर रहे थे। यहां तक पुलिस व प्रशासन ने युवक की तलाश के लिए ड्रोन कैमरे का भी सहारा लिया। उज्जैन से भी एसडीआरएफ की टीम बुलाई गई। युवक को तलाश किया। लेकिन वह नहीं मिला।
गुरुवार सुबह उज्जैन रेस्क्यू टीम के कुछ सदस्य व ग्रामीण तालाब के आसपास थे। तभी जिस स्थान पर युवक डूबा था वहीं पर नजर गई तो राजू का शव पानी के ऊपर दिखा। तब टीम तालाब के बीच गई और शव को निकाला। पंचनामा बनाकर शव को पीएम के लिए रतलाम मेडिकल कॉलेज भेजा। शव की तलाश के लिए ग्रामीण एसडीओपी अभिलाष भलावा, बिलपांक थाना प्रभारी अयुब खान लगातार नजर बनाए थे।

You missed

error: Content is protected !!