• Wed. Oct 28th, 2026

शराबियों की जांच का रतलाम पुलिस का अनोखा तरीका : चूने की लाइन पर 110 लोगों को चलवाया, 3 नशे में मिले

BySurendra Jain

Nov 18, 2024

खबर पक्की, 18 नवंबर, रतलाम। सड़कों पर शराब पीकर वाहन चलाने वालों की जांच का रतलाम पुलिस ने अनोखा तरीका निकाला है। सड़क पर चूने की सीधी लाइन बनाई। लोगों को उस पर चलवाया। जो लडख़ड़ाया उसका मेडिकल कराया। नशे में पाए जाने पर कार्रवाई की।
थाना स्टेशन रोड पुलिस ने रविवार देर रात को यह तरीका अपनाया। एएसपी राकेश खाखा, टीआई राजेंद्र वर्मा की उपस्थिति में पुलिस टीम ने दिलबहार चौराहे पर चूने की तीन अलग-अलग लाइन बनाई। वाहन चालकों को रोका। पैदल लाइन पर चलवाया। पुलिस ने 110 लोगों को रोक चूने की लाइन पर चलवाया। जिसमें 3 लोग नशे में पाए गए। मेडिकल कराकर उनके खिलाफ कार्रवाई की।
दिलबहार चौराहे के एक तरफ चूने से बनी लाइन पर लोगों के चलते देख वहां से गुजरने वाले भी पुलिस के इस अनोखी जांच को देखने के लिए रुकते रहे।
बता दें कि तीन दिन पूर्व शराबियों की जांच का यह तरीका जिले के कालूखेड़ा थाना अंतर्गत मावता पुलिस चौकी प्रभारी सब इंस्पेक्टर शरीफ खान ने एसपी अमित कुमार के मार्गदर्शन में अपनाया था। ठीक वहीं तरीका रविवार रात शहर में अपनाया।
स्टेशन रोड थाना प्रभारी राजेंद्र वर्मा ने बताया खुले में बैठ शराब पीने वालों की जांच की जा रही है। एक ब्रीथ इनालाइजर है। एक साथ सभी की जांच नहीं की जा सकती। इसलिए वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन एवं उपस्थिति में चूने की लाइन बनाकर जांच की गई।

You missed

error: Content is protected !!