• Wed. Oct 28th, 2026

अलग-अलग हादसों में 5 की मौत

BySurendra Jain

Nov 16, 2024

खबर पक्की, 16 नवंबर, रतलाम। जिले में शुक्रवार रात से लेकर शनिवार दोपहर तक तीन अलग-अलग सड़क हादसों में 5 लोगों की मौत हो गई है। पहला हादसा, शुक्रवार रात रतलाम सैलाना रोड स्थित धामनोद फोरलेन पर हुआ। जहां बाइक क्रमांक एमपी 43 ईडी 2036 पर सवार व्यक्ति को अज्ञात वाहन ने टक्कर मारी। बाइक सवार की मौके पर ही मौत हो गई। फिलहाल शव की शिनाख्त नहीं हो सकी है।
बाइक की भिड़ंत में तीन की मौत
दूसरा हादसा रतलाम बाजना रोड स्थित ग्राम बाजना थाना क्षेत्र के ग्राम आमलीपाडा में शनिवार तड़के हुआ। बाइक की आमने-सामने भिंड़त में 16 साल के बालक समेत तीन की मौत हो गई। एक घायल हो गया। सुबह बस निकली तो ड्राइवर ने घायलों के पड़े होने पर ग्रामीणों को जानकारी दी, तब दुर्घटना का पता चल पाया। दोनों बाइक भी पूरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गईं।
शनिवार सुबह 6.15 बजे बस बाजना से रावटी जा रही यादव बस के ड्राइवर ने घायलों को देख पास के गांव में सूचना दी। इसके बाद ग्रामीण मौके पर पहुंचे। सूचना के बाद पहुंची बाजना पुलिस ने मौके पर पहुंच कर ग्रामीणों की मदद से चार घायलों को अस्पताल भेजा। जहां डॉक्टर ने शांतिलाल (16) पिता मशरू निवासी घाटाखेरदा, शंभुलाल पिता फूलसिंह निवासी बगली का माल एवं सोहन गौतम निवासी घोडाखेड़ा को मृत घोषित कर दिया। तीनों का पीएम करवा लिया गया है। वहीं, घायल अजमल पिता जीवना को रतलाम मेडिकल कॉलेज रेफर किया है।
बाजना पुलिस थाने के सब इंस्पेक्टर केएल सोनाक्षी ने बताया कि बाइक सवार कहां जा रहे थे। घटना कैसे हुई इसकी जांच की जा रही है।
रतलाम नीमच फोरलेन पर बाइक सवार को मारी टक्कर
तीसरा हादसा शनिवार दोपहर का है। रतलाम नीमच फोरलेन पर इप्का फैक्ट्री के पास दोपहर करीब 2 बजे एक बाइक सवार को अज्ञात वाहन टक्कर मार फरार हो गया। मौके पर ही बाइक सवार की मौत हो गई। थाना औद्योगिक की पुलिस मौके पर पहुंची। शव को रतलाम मेडिकल कॉलेज भेजा। प्रारंभिक रूप से शव की शिनाख्त ग्राम धौंसवास निवासी बाबूलाल के रूप में हुई है। पुलिस घटना की जांच कर रही है।

You missed

error: Content is protected !!