खबर पक्की, 13 नवंबर, रतलाम। जिले के नामली थाने में पदस्थ एसआई रायसिंह रावत को एसपी अमित कुमार ने सस्पेंड कर दिया है। अब लोकायुक्त नामली थाना प्रभारी से पूछताछ करेगी। पुलिसकर्मियों से जुड़ी कुछ शिकायतें भी एसपी के पास पहुंची है, जिसपर एसपी अपने स्तर से जांच करा रहे हैं।
बता दें कि, मंगलवार को उज्जैन लोकायुक्त टीम ने रिश्वत लेने के मामले में कार्रवाई की थी। रिश्वत का आरोप नामली थाने में पदस्थ एसआई रायसिंह रावत पर लगा था। नामली के सिखेड़ी निवासी धारासिंह पिता शंभूलाल ने लोकायुक्त उज्जैन को शिकायत की थी।
बताया था कि नामली थाने में पदस्थ एसआई रायसिंह रावत ने रास्ते के विवाद को लेकर 20 हजार रुपए मांगे। बाद में 15 हजार रुपए देना फाइनल किया गया। शिकायत के बाद उज्जैन लोकायुक्त डीएसपी सुनील तालान और राजेश पाठक ने प्लान बनाया।
प्लान के मुताबिक 15 हजार रुपए देने के लिए एसआई को रतलाम के मेडिकल कॉलेज के पास बुलाया। लेकिन एसआई खुद नहीं आया, दूसरे व्यक्ति दिलीप प्रजापति को भेज दिया। जैसे ही दिलीप ने रिश्वत के रुपए लिए, लोकायुक्त टीम ने उसे रंगे हाथों पकड़ लिया। बाद में दिलीप से एसआई रावत को कॉल लगवाया। उससे कहलवाया कि रुपए आ गए है। तब एसआई ने कहा- रुपए तू रख ले, कल आकर लूंगा। जिसकी रिकॉर्डिंग भी लोकायुक्त ने की है।
लोकायुक्त द्वारा एसआई रायसिंह रावत और बिचोलिया दिलीप प्रजापति के खिलाफ धारा 7, भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम 1988 (संशोधन 2018 ) के अधीन केस दर्ज किया।
एसआई का लिया जाएगा वॉइस सैंपल
एसआई के खिलाफ केस बनाने के बाद लोकायुक्त ने आरोपी एसआई की वॉइस का सैंपल लेगी। इसके लिए एसआई को नोटिस देने की तैयारी की गई है। लोकायुक्त डीएसपी सुनील तालान ने दैनिक भास्कर को बताया कि मामले में नामली थाना प्रभारी से जानकारी लेकर पूछताछ करेंगे। एसआई की वॉइस सैंपल को लेकर नोटिस दिया जा रहा है।
फल-फ्रूट की गाड़ी लगाता है बिचोलिया
लोकायुक्त डीएसपी तालान ने बताया कि रिश्वत लेने वाला व्यक्ति दिलीप रतलाम का रहने वाला है। वह थाने के आसपास फल-फ्रूट की गाड़ी लगाता है। पूर्व में एसआई रायसिंह रावत रतलाम के थाना औद्योगिक क्षेत्र में एएसआई रह चुका है। इस कारण उसकी जान पहचान दिलीप से होने से उसे रिश्वत लेने भेजा था।
निलंबन की कार्रवाई की- एसपी
एसपी अमित कुमार ने बताया कि लोकायुक्त से मामले की जानकारी सामने आने के बाद नामली थाने में पदस्थ एसआई रायसिंह रावत को सस्पेंड कर दिया है। कुछ पुलिसकर्मियों के खिलाफ भ्रष्टाचार को लेकर शिकायतें आई है। जिसकी जांच करा रहे है। किसी भी तरह से ढिलाई नहीं बरती जाएगी।
रिश्वत मांगने वाला एसआई सस्पेंड, लोकायुक्त नामली टीआई से करेगी पूछताछ
