खबर पक्की, 12 नवंबर, रतलाम। कृषि उपज मंडी में मंगलवार दोपहर खराब प्याज को छांटने (अलग करने) को लेकर व्यापारी और किसान में विवाद हो गया। आरोप है कि इस दौरान किसान ने व्यापारी के साथ मारपीट कर शर्ट फाड़ दी। इसके बाद मंडी में हंगामा हो गया। व्यापारियों ने किसान पर नशे में होने का आरोप भी लगाया। करीब डेढ़ घंटे तक प्याज की नीलामी रुक गई।
जानकारी के अनुसार, मंदसौर जिले का किसान महेश सारोदिया 10 से 12 क्विंटल प्याज लेकर महू नीमच रोड स्थित कृषि उपज मंडी में आया था। व्यापारी महेश सारोदिया ने नीलामी के पहले अपने कर्मचारी से खराब प्याज को छांटने को कहा। इस बात पर किसान व व्यापारी में पहले कहासुनी और फिर विवाद हुआ। किसान महेश मारपीट पर उतारु हो गया। यह देख अन्य व्यापारी एकत्रित हो गए। व्यापारियों व हम्मालों ने दोनों को छुड़ाया। इसके बाद व्यापारियों ने किसान को पकड़ कर मंडी कार्यालय में भिजवाया।
पुलिसकर्मी किसान को लेकर सालाखेड़ी चौकी आए। व्यापारी भी वहां पहुंचे और किसान की शिकायत की। व्यापारी रितेश बाफना ने कहा, मंडी में जिले के बाहर के किसान शराब के नशे में आते हैं। कुछ किसानों ने मंडी में ही शराब का अड्डा बना लिया है। मंडी प्रशासन ध्यान नहीं देता है।
व्यापारी ने कहा- 16 साल में कभी विवाद नहीं हुआ
व्यापारी महेश सारोदिया ने बताया तौल के पहले प्याज को देखा जाता है कि खराब तो नहीं है। लेबर को कहा कि खराब प्याज हो तो अलग कर देना। इसी बात को लेकर किसान ने मारपीट कर शर्ट फाड़ दी। यह दलौदा तरफ के किसान हैं। मैं 16 साल से मंडी में व्यापार कर रहा हूं। आज तक विवाद नहीं हुआ। यह दो किसान साथ में थे शराब नशे में धूत थे। इस तरह के किसान आए दिन मंडी में शराब पीकर विवाद करते हैं। इन जैसे लोगों की वजह से दूसरे किसान बदनाम हो रहे हैं।
वहीं, किसान राजेश पाटीदार का कहना है कि प्याज को छांटने के लेकर विवाद हुआ है। व्यापारी ने अपशब्द कहे। मारपीट नहीं की। छीनाझपटी हुई है। छुड़ाने वालों के कारण उनका शर्ट फट गया और मेरे ऊपर आरोप लगा दिया। मैंने शराब नहीं पी।
बाद में किसान ने माफी मांगी
पुलिस चौकी पर सीएसपी सत्येंद्र, प्याज-लहसुन मंडी प्रभारी राजेंद्र व्यास भी पहुंचे। किसान व व्यापारी को समझाया। बाद में किसान ने व्यापारी से माफी मांगी। प्याज-लहसुन मंडी प्रभारी राजेंद्र व्यास ने बताया कि पुलिस चौकी पर किसान ने व्यापारी से माफी मांगी। इस कारण व्यापारी द्वारा शिकायत नहीं की है। किसान को हिदायत दी है कि आगे से इस प्रकार का विवाद करने पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी। व्यापारी को भी समझाया है।
मंडी में किसान ने व्यापारी को पीटा, नीलामी रुकी, आरोप- शराब के नशे में था, प्याज छांटने को लेकर हुआ था विवाद
