• Wed. Oct 28th, 2026

सीएम हेल्पलाइन की शिकायत के निराकरण के लिए लगाया जिला स्तरीय शिविर, एक साथ बैठे एसपी, एएसपी सहित रतलाम जिले के समस्त पुलिस अधिकारी, 200 से अधिक शिकायतों का निदान

BySurendra Jain

Nov 9, 2024

खबर पक्की, 9 नवंबर, रतलाम। जिले में सीएम हेल्पलाइन की पेंडिंग शिकायतों के निराकरण के लिए शनिवार को जिला स्तरीय वृहद शिविर लगाया गया। एसपी अमित कुमार, एएसपी राकेश खाखा सहित जिले के समस्त सीएसपी, एसडीओपी और थाना प्रभारी एक साथ बैठे और शिकायतों की सुनवाई कर शिकायतों का निराकरण किया। उज्जैन रेंज एडीजीपी उमेश जोगा के निर्देश पर उज्जैन संभाग के सातों जिले में इस तरह के शिविर लगाए गए।
जिला पुलिस लाइन पर लगाए गए शिविर में जिले के समस्त थाना प्रभारी टेंट के नीचे एक लाइन से बैठे थे। यही एसपी अमित कुमार और एएसपी राकेश खाखा भी पूरे समय मौजूद रहे। थाना प्रभारी स्तर पर निराकरण से असंतुष्ट फरियादी एएसपी और फिर एसपी से मिल रहे थे। फरियादी के बैठने के लिए कुर्सी और पीने के लिए पानी की व्यवस्था भी रखी गई थी। शिविर में 200 से अधिक शिकायतों का निराकरण किया गया।
पुलिस के आधिकारिक सूत्रों के अनुसार जिले में सीएम हेल्पलाइन की 750 के लगभग शिकायतें पेंडिंग है। शिविर में आज आई शिकायतों में मर्ग जांच, शिकायत पर कार्रवाई नहीं होना, जांच से असंतुष्टि सहित आपसी विवाद एवं अन्य शिकायतें थी। 100 दिन से अधिक अवधि से पेंडिंग शिकायतों को प्राथमिकता के आधार पर निराकरण के निर्देश दिए गए हैं।
शिविर के पहले एसपी अमित कुमार ने जिले के सभी सीएसपी, एसडीओपी और थाना प्रभारियों की बैठक लेकर शिकायतों के निराकरण के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि यदि थाने पर ही थाना प्रभारी द्वारा प्राथमिकता से शिकायतों का निराकरण कर दिया जाए तो सीएम हेल्पलाइन में शिकायत नहीं होगी। थाना प्रभारी सुनिश्चित करें कि थाने पर आने वाले फरियादी से अच्छा व्यवहार हो और अधीनस्थ कर्मचारी फरियादी को बुरा व्यवहार कर शिकायत सुने बिना नहीं लौटा दे। एसपी ने कहा कि जिस थाने की ज्यादा शिकायतें पाई गई, समझा जाएगा कि वहां सुनवाई नहीं हो रही है। ऐसे में कार्रवाई के लिए तैयार रहे। एसपी अमित कुमार ने कहा कि हर महीने इस तरह के शिवर लगाकर शिकायतों का निराकरण किया जाएगा।
उज्जैन रेंज एडीजीपी उमेश जोगा के निर्देश पर संभाग के सभी जिलों में सीएम हेल्पलाइन शिकायतों के निराकरण के शिविर लगाए गए। उन्होंने कहा कि अगस्त से दिवाली तक पुलिस लगातार ड्यूटी में व्यस्त रहती है। एसे में कई बार शिकायतें पेंडिंग रह जाती है। पेंडिंग शिकायतों के निराकरण के लिए संभाग के सभी जिलों में शिविर लगाने के निर्देश दिए गए हैं।
श्री जोगा ने कहा कि कई शिकायतें आपसी विवाद की होती है। यदि उनका समय पर निराकरण कर दिया जाए तो कई अपराध होने से पहले ही रोके जा सकते हैं। शिकायतों के निराकरण से अपराध नियंत्रण में भी मदद मिलती है। उल्लेखनीय है कि श्री जोगा पूर्व में भी अन्य रेंज में इस तरह के शिविर आयोजित कर सीएम हेल्पलाइन की शिकायतों का निराकरण करवा चुके हैं।

You missed

error: Content is protected !!