• Wed. Oct 28th, 2026

दीपावली के दिन सैलाना में मिली युवक की लाश के मामले का पर्दाफाश, चोरी की शंका में सात आरोपियों ने मारपीट कर की थी हत्या 5 आरोपी गिरफ्तार, 2 फरार

BySurendra Jain

Nov 5, 2024

खबर पक्की, 5 नवंबर, रतलाम। दीपावली के दिन सैलाना के गोधुलिया तालाब के पास मिली एक युवक की लाश के मामले को पुलिस ने सुलझा लिया है। तालाब के पास मिली लाश मणीलाल पिता शंभुजी मईड़ा निवासी रामपुरिया थाना सरवन की थी और उसके साथ चोरी की शंका में सात लोगो ने जमकर मारपीट की थी। इसी मारपीट में आई चोटों से मणिलाल की मौत हुई थी। आरोपियों ने मृतक के साथ फतेहगढ मगरा स्थित सुजलोन कम्पनी के सी.एम.एस. कार्यालय पर मारपीट की थी और बाद में उसे अचेतावस्था में गोधुलिया तालाब के पास छोड़ गए थे। पुलिस ने हत्या में शामिल पांच आरोपियों को पकड़ लिया जबकि दो आरोपी फरार है।
मंगलवार को पुराने पुलिस कंट्रोल रूम पर एसपी अमित कुमार ने इस अंधे कत्ल का खुलासा किया। एसपी ने बताया कि 31 अक्टूबर को सैलाना पुलिस को सूचना मिली कि गोधुलिया तालाब के पास नगर निगम की कुर्सी पर एक युवक मृत अवस्था में पड़ा हुआ है। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची। मृतक की पहचान मणिलाल पिता शंभूजी 32 वर्ष निवासी रामपुरिया के रूप में हुई। पुलिस ने मर्ग कायम कर मामला जांच में लिया।
हत्या का निकला मामला
एसपी अमित कुमार ने बताया कि जांच में मृतक के शरीर एवं सिर पर चोट के निशान मिले। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में भी इसकी पुष्टि हुई। पुलिस ने घटनास्थल के आसपास के सीसीटीवी कैमरे चेक किए और वैज्ञानिक साक्ष्य के आधार पर अपनी जांच को आगे बढ़ाया। पुलिस की जांच में सामने आया कि रतलाम औघोगिक क्षेत्र थाने के फतेहगढ़ मकड़ा स्थित विंड एनर्जी कंपनी के सीएमएस कार्यालय में चोरी की शंका में मृत युवक के साथ कंपनी के गार्ड, सुपरवाइजर, ड्राइवर द्वारा घटना के दिन मारपीट की गई थी।
आरोपियों ने मृतक मणिलाल को चोरी की संख्या में पकड़ा था और उसके साथ मारपीट की, जिससे उसकी मौत हो गई। घटना के साक्ष्म छुपाने और घटना स्थल को छुपाने की दृष्टि से आरोपी बाद में कंपनी के बोलेरो वाहन से शव को गोधुलिया तालाब ले गए और वहां एक कुर्सी पर बिठाकर भाग गए।
5 आरोपी गिरफ्तार
पुलिस ने इस मामले में विंड एनर्जी कंपनी में कार्यरत जगदीश पिता बाबू 38 साल, डहरजी पिता हक़रु 35 साल, जुझार पिता लूना 40 साल, रामसिंह पिता मणजी 45 साल, कन्हैया लाल पिता कोदरजी 49 साल को गिरफ्तार किया है। दो और आरोपी संतोष पिता नाथूजी और जुझार पिता हरिश्चंद्र की पुलिस तलाश कर रही है।
इनकी रही सराहनीय भूमिका
अंधे कत्ल को सुलझाने में सैलाना थाना प्रभारी पृथ्वी सिंह खलाटे, एएसआई हितेन्द्र सिंह परिहार, औद्योगिक क्षेत्र थाना प्रभारी एसआई वी.डी.जोशी, एसआई राइसिंह परमार, एएसआई अजमेर सिंह भूरिया, प्रधान आरक्षक राजेंद्र सिंह राठौड़, राधु सिंह भिड़े, रितेश पाटीदार, धीरज गावडे, आरक्षक दुर्गालाल गुजराती, पवन मेहता की सराहनीय भूमिका रही।

You missed

error: Content is protected !!