• Wed. Oct 28th, 2026

उज्जैन से अपने आठ दोस्तों के साथ परवलिया आया युवक लापता : मामले में लापरवाही बरतने पर एसपी अमित कुमार ने ढोढर चौकी प्रभारी को किया निलंबित, एसपी स्वयं मौके पर पहुंचे

BySurendra Jain

Nov 5, 2024

खबर पक्की, 5 नवंबर, रतलाम। चार दिन पूर्व उज्जैन से अपने आठ दोस्तों के साथ जिले के ढोढर क्षेत्र के गांव परवलिया आया एक युवक लापता हो गया है। युवक और उसके दोस्तों का महंगी सिगरेट देने की बात पर एक किराना दुकान संचालक से विवाद हुआ था। इस मामले में लापरवाही बरतने पर एसपी अमित कुमार ने ढोढर चौकी प्रभारी को निलंबित कर दिया है। एसपी स्वयं एएसपी के साथ रात में मौके पर पहुंचे और युवक की तलाश को लेकर आवश्यक निर्देश दिए। पुलिस फोर्स के साथ ही डॉग स्क्वाड और ड्रोन के माध्यम से भी युवक की तलाश की जा रही है। एसपी ने इस मामले में जांच के लिए एसआईटी का भी गठन किया है।
पुलिस सूत्रों के अनुसार लापता युवक का नाम लोकेश है,जो उज्जैन का रहने वाला है। उसके भाई रोहित ने 3 नवंबर को ढोढर पहुंचकर पूरे घटनाक्रम की जानकारी देते हुए गुमशुदगी दर्ज कराई है।
पुलिस रिपोर्ट के अनुसार लोकेश अपने 8 अन्य दोस्तों के साथ 1 नवंबर को उज्जैन से रात करीब 8:00 परवलिया आया था। यहां लोकेश का किराना दुकान संचालक यश से सिगरेट खरीदने के दौरान महंगी सिगरेट देने की बात को लेकर विवाद और झूम झटकी हुई थी। इस दौरान लोकेश के दोस्त सोमिक ने दुकान संचालक को चाकू दिखाकर डराया था। इसके बाद वहां से निकलकर अपने अन्य साथियों के साथ परवलिया में एक ढाबे पर खाना खाने चले गए थे।
लापता युवक के दोस्तों के अनुसार कुछ देर बाद रात 9 बजे दुकान संचालक यश अपने अन्य साथियों को साथ ढाबे पर आया और मारपीट करने लगा। इससे बचने के लिए सभी दोस्तों ने फोरलेन पर परवलिया से ढोढर की ओर दौड़ लगा दी। इसी दौरान लोकेश लापता हो गया। लोकेश के दोस्तों ने उज्जैन पहुंचकर उसके भाई को सारे घटनाक्रम से अवगत कराया। इसके बाद उसका भाई ढोढर चौकी पहुंचा और मामले की जानकारी दी।
लापरवाही बरतने पर चौकी प्रभारी निलंबित
इस मामले में लापता युवक के भाई द्वारा युवक के लापता होने के साथ ही मारपीट की जानकारी भी ढोढर चौकी प्रभारी कन्हैया अवास्या को दी थी, लेकिन ढोढर चौकी प्रभारी ने सिर्फ गुमशुदगी का प्रकरण दर्ज किया। इस बात की जानकारी जब सोमवार को एसपी अमित कुमार को मिली, तो उन्होंने अपने स्तर पर पूरे मामले की पड़ताल करवाई। मारपीट की जानकारी मिलने पर एसपी ने आरोपियों के खिलाफ मारपीट की धाराओं में प्रकरण दर्ज करने के निर्देश देते हुए लापरवाही बरतने ने पर तत्काल एक्शन लेते हुए ढोढर चौकी प्रभारी को निलंबित भी कर दिया।
एसपी खुद मौके पर पहुंचे, डॉग स्क्वायड और ड्रोन से तलाश, एसआईटी गठित
जानकारी मिलने के बाद एसपी अमित कुमार एएसपी राकेश खाखा के साथ स्वयं परवलिया पहुंचे और मौके का निरीक्षण करते हुए युवक की तलाश के लिए आवश्यक निर्देश दिए। एसपी ने पुलिस फोर्स के साथ ही डॉग स्क्वायड और ड्रोन की मदद से रात में ही युवक की सर्चिंग शुरू करवाई। अभी भी युवक की तलाश जारी है। इस मामले में जांच के लिए एसपी अमित कुमार ने एसआईटी का भी गठन किया है।
विवाद के मामले में सभी आरोपी हिरासत में
एसपी अमित कुमार ने बताया कि विवाद और मारपीट के मामले में सभी आरोपियों को हिरासत में ले लिया गया है। उनसे पूछताछ भी की जा रही है। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस फोर्स और ड्रोन की मदद से लगातार युवक की तलाश जारी है। मामले की जांच के लिए एसआईटी का भी गठन किया गया है।

You missed

error: Content is protected !!