• Wed. Oct 28th, 2026

पूरे प्रदेश में रिजनल कॉन्क्लेव से औद्योगिकीकरण का वातावरण बना : मंत्री काश्यप, ग्लोबल समिट में देंगे रतलाम निवेश क्षेत्र का प्रेज़ेंटेशन, पत्रकार दीप मिलन समारोह में हुआ सीधा संवाद

BySurendra Jain

Oct 29, 2024

खबर पक्की, 29 अक्टूबर, रतलाम। अर्थव्यवस्था को चलाने में खेती, सर्विस सेक्टर, माइनिंग और उद्योग के क्षेत्र का अहम योगदान होता है। इसमें सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम परियोजनाओं का बड़ा महत्व है, उसे दृष्टिगत रखते हुए प्रदेश में पांच नेशनल कॉन्क्लेव किए गए हैं, जिनसे पूरे प्रदेश में औद्योगिकीकरण का वातावरण बना है। कॉन्क्लेव से दस हजार उद्यमियों से संवाद हुआ है। हर विधानसभा क्षेत्र में हमने जनप्रतिनिधियों से कहा है, यदि उनके क्षेत्र में उद्योग की संभावना है तो भूमि चिन्हित कर ले। हम नया औद्योगिक क्षेत्र बनाएंगे। मंत्री बनने के बाद 16 स्थान पर भूमि चिन्हित की गई है, जहां सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्योग लगेंगे। सरकार नए युवा उद्योगपतियों को आगे लाने के लिए कृत संकल्पित है।
यह बात सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम मंत्री चेतन्य काश्यप ने पत्रकार दीप मिलन समारोह में कही। इस दौरान भाजपा जिलाध्यक्ष प्रदीप उपाध्याय, महापौर प्रहलाद पटेल, जिला महामंत्री निर्मल कटारिया, विधानसभा संयोजक मनोहर पोरवाल, पूर्व महापौर शैलेंद्र डागा, जिला मीडिया प्रभारी अरूण त्रिपाठी, रतलाम प्रेस क्लब अध्यक्ष मुकेशपुरी गोस्वामी, मंडल अध्यक्ष कृष्ण कुमार सोनी, विनोद यादव आदि मंचासीन रहे। मंत्री श्री काश्यप ने कहा कि इंडस्ट्रीज कॉन्क्लेव को नए स्वरूप में आयोजित करने के बाद कई प्रस्ताव मिले है। इसमें प्रमुख उद्योगपतियों के साथ जिले के उद्यमी को भी बुलाते है, जो नए व्यवसाय चालू करना चाहते है।
मंत्री श्री काश्यप ने रतलाम के विकास की अवधारणा पर प्रकाश डालते हुए कहा कि 10 सालों में आधारभूत सरचनाएं तैयार हो गई है। निवेश क्षेत्र का कार्य शुरू हो चुका है। इसका 17 करोड़ का एक टेंडर पहले हो चुका है, अब 320 करोड़ का दूसरा टेंडर हुआ है। इसमें पानी, बिजली, सड़कों की व्यवस्था की जाएगी। निवेश क्षेत्र में 350 से 400 प्लाट लघु उद्योगों के लिए रहेंगे। भोपाल में फरवरी में होने वाली ग्लोबल समिट में रतलाम के निवेश क्षेत्र का पूरा प्रेजेंटेशन देश के सामने रखेंगे। 8 लेन एक्सप्रेस-वे के समीप होने से निवेश क्षेत्र में उद्योगों के आने की संभावनाएं और अधिक बढ़ेगी।
श्री काश्यप ने बताया कि रतलाम में एयरपोर्ट के लिए भूमि चिन्हित हो चुकी है। निवेश क्षेत्र के लिए पानी का प्रबंध कनेरी डेम से होगा। फार्मा कंपनियों के लिए भी यहां बहुत अवसर है। अगले 5 साल में निवेश क्षेत्र के कारण नई संभावनाओं के साथ नया रतलाम बनेगा। इस औद्योगिक क्षेत्र को जल्द से जल्द प्रदेश और देश के नक्शे पर स्थान मिलेगा। शहर में नगर निगम के माध्यम से 50 बीघा भूमि पर रिजनल पार्क बना रहे हैं। रतलाम के सीएम राइज विनोबा स्कूल की उपलब्धि ने पूरे विश्व में रतलाम का मान बढ़ाया है। रतलाम के मीडिया की भूमिका सदैव सकारात्मक रही है और भविष्य में भी शहर विकास के लिए मीडिया की भूमिका सकारात्मक रहे यहीं कामना है।

You missed

error: Content is protected !!