• Wed. Oct 28th, 2026

रतलाम आ सकते हैं सीएम डॉ. मोहन यादव : महालक्ष्मी मंदिर के करेंगे दर्शन, कलेक्टर ने अधिकारियों के साथ देखी व्यवस्था

BySurendra Jain

Oct 26, 2024

खबर पक्की, 26 अक्टूबर, रतलाम। सीएम डॉ. मोहन यादव आगामी सप्ताह रतलाम आ सकते हैं। संभावना जताई जा रही है कि माणकचौक स्थित महालक्ष्मी मंदिर पहुंचकर सीएम दर्शन करेंगे। उनके संभावित दौरे को देखते हुए कलेक्टर राजेश बाथम ने प्रशासनिक अधिकारियों के साथ शनिवार सुबह महालक्ष्मी मंदिर पहुंचकर व्यवस्था देखीं। बता दें कि महालक्ष्मी मंदिर पर नोटों व आभूषणों से सजावट का कार्य जारी है। अब तक 70 लाख से अधिक कीमत के नोट मंदिर में सजावट के लिए आ चुके हैं।
सुबह कलेक्टर बाथम के साथ अपर कलेक्टर आरएस मंडलोई, तहसीलदार ऋषभ ठाकुर, नाजिर भेरुलाल मालवीय महालक्ष्मी मंदिर पहुंचे। मां लक्ष्मी के दर्शन कर सजावट कार्य की तैयारियों का जायजा लिया। दीपावली पर्व पर आने वाले श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की परेशानी ना हो इसलिए आने-जाने वाले मार्ग को देखा। साथ ही अगर कोई वीआईपी आता है तो मंदिर में दर्शन के लिए वैकल्पिक मार्ग, पार्किंग समेत अन्य व्यवस्था भी देखी। अधिकारियों ने माणकचौक पुलिस थाना परिसर व थाने के सामने शासकीय उमावि स्कूल परिसर में जाकर पार्किंग की भी व्यवस्था देखी।
30 को मंदसौर आएंगे सीएम
बताया जा रहा है कि 30 अक्टूबर को मंदसौर में किसान सम्मान निधि वितरण का कार्यक्रम है। इस कार्यक्रम में सीएम डॉ. मोहन यादव शामिल होंगे। कयास लगाए जा रहे हैं कि मंदसौर के बाद सीएम रतलाम आकर महालक्ष्मी मंदिर के दर्शन करेंगे। हालांकि अधिकारियों ने सीएम के दौरे की पुष्टि नहीं की है।

You missed

error: Content is protected !!