खबर पक्की, 11 अक्टूबर, रतलाम। शारदीय नवरात्रि की अष्टमी पर शुक्रवार तड़के मां कालिका माता मंदिर में जमकर रंग-गुलाल उड़ा। इस मौके पर मां कालिका का आकर्षक श्रृंगार किया गया। दर्शन के लिए सुबह से ही भक्तों की भारी भीड़ उमड़ी।
शहर में आज अष्टमी का पर्व मनाया जा रहा है। मंदिरों के साथ-साथ घरों में अष्टमी की पूजा-अर्चना व हवन किया जाएगा। मां कालिका माता मंदिर में भी हवन होगा। इसके पहले शुक्रवार सुबह 4 बजे से मां कालिका माता मंदिर में गरबा रास की शुरुआत हुई।
युवतियों ने किया हाथों में भगवा ध्वज लेकर गरबा रास
रंग-गुलाल के बीच मां की आराधना में युवतियों एवं महिलाओं ने गरबा रास किया। मां कालिका के दर्शन करने आए भक्तों के बीच भी जमकर रंग-गुलाल उड़ाया गया। महिलाएं सिर पर कलश रख कर गरबा रास कर रहीं थी तो युवतियां हाथों में भगवा ध्वज के साथ गरबा रास करते नजर आईं।
सालों से होता आ रहा गरबा रास
श्री कालिका माता सेवा मंडल ट्रस्ट द्वारा नवरात्रि उत्सव के दौरान माता रानी का प्रतिदिन आकर्षक श्रृंगार किया जा रहा है। रोज यहां सुबह और शाम को दो समय गरबा रास का आयोजन सालों से होता आ रहा है।
ट्रस्ट अध्यक्ष राजाराम मोतियानी, उपाध्यक्ष मोहनलाल भट्ट, सचिव हरीश कुमार बिंदल, प्रवक्ता राकेश पोरवाल ने बताया कि कालिका माता परिसर में गरबे से पहले हर दिन आकर्षक रंगोली अजय चौहान, दीपक शर्मा, जयेश कसेरा, अमन सक्सेना द्वारा बनाई जा रही है।
भजन गायक दीपक उपाध्याय तथा अरूणा दिलीप सोनी द्वारा भजनों के माध्यम से माता रानी की आराधना की जा रही है। करीब 3 हजार से अधिक मातृशक्ति प्रतिदिन गरबा रास के माध्यम से माता की आराधना कर रहीं हैं।
आज मनाया जाएगा दशहरा
दशहरा 12 अक्टूबर शनिवार को मनाया जाएगा। कालिका माता सेवा मंडल द्वारा नगर पालिक निगम से भगवान राम की सवारी शाम 6 बजे निकाली जाएगी। रात 9 बजे नेहरु स्टेडियम में रावण के पुतले का दहन किया जाएगा।
कालिका माता मंदिर में जमकर उड़ा रंग-गुलाल : अष्टमी पर दर्शन के लिए उमड़ी भक्तों की भीड़
