• Wed. Oct 28th, 2026

साईश्री स्कूल में 5 साल की बच्ची से रेप के मामले में एसआईटी करेगी जांच, रतलाम पुलिस ने स्कूल-कॉलेजों के लिए जारी की एडवाइजरी

BySurendra Jain

Oct 1, 2024

खबर पक्की, 1 अक्टूबर, रतलाम। साईश्री स्कूल में 5 साल की बच्ची से रेप के मामले में एसआईटी (स्पेशल इन्वेस्टीगेशन टीम) गठित कर दी गई है। टीम 15 दिन में जांच कर रिपोर्ट कोर्ट में पेश करेगी। एसपी अमित कुमार ने मामले को चिन्हित प्रकरण में लिया है। साथ ही पुलिस ने जिले के स्कूल, कॉलेज और हॉस्टल के लिए 18 बिंदुओं की एडवाइजरी भी जारी की है।
बच्ची के साथ गलत हरकत करने वाला आरोपी स्कूल के चौकीदार का नाबालिग बेटा है। वह भी इसी स्कूल की दूसरी ब्रांच में 10वीं का छात्र है। 26 सितंबर शनिवार को जब बच्ची को लेकर सिविल ड्रेस में पुलिस स्कूल पहुंची, तो आरोपी को देख मासूम ने इशारे में कहा- इसे गोली मार दो। तफ्तीश के बाद शनिवार देर रात पुलिस ने एफआईआर दर्ज की। आरोपी को पकड़कर बाल संप्रेक्षण गृह भेज दिया गया।
सोमवार को पेरेंट्स इक_ा होकर स्कूल पहुंच गए। यहां स्कूल के बाहर डायरेक्टर और प्रिंसिपल के खिलाफ नारेबाजी शुरू कर दी। चक्काजाम कर सड़क पर बैठ गए। हंगामा बढ़ता देख प्रशासन ने स्कूल की छुट्टी करवा दी। स्कूल को सील कर दिया गया। अधिकारियों ने कार्रवाई का आश्वासन दिया, तब जाकर पेरेंट्स माने।
जब तक स्कूल प्रबंधन सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम नहीं करता, तब तक स्कूल को नहीं खोला जाएगा। विरोध प्रदर्शन के बाद थाना औद्योगिक क्षेत्र में कई पेरेंट्स ने अपने बयान दर्ज कराए हैं। बयानों के आधार पर थाने से स्कूल प्रबंधन को एक नोटिस जारी कर जवाब मांगा गया है।
स्कूल, कॉलेज व हॉस्टल के लिए एडवाइजरी जारी
एएसपी राकेश खाखा ने बताया, स्कूल में बच्चों की सुरक्षा को लेकर रतलाम पुलिस अलर्ट हो गई है। स्कूलों, कॉलेज व हॉस्टल के लिए 18 बिंदुओं की एडवाइजरी सुझाव के रूप में जारी की है। रतलाम एसपी अमित कुमार के निर्देश पर जिलेभर में थानों की पुलिस स्कूल पहुंचकर बच्चों से चर्चा कर सुरक्षा की जानकारी देने में जुट गई है। स्कूलों को 15 दिन में इनका पालन शुरू करना होगा।
स्कूल जाकर बच्चों को जागरूक कर रही पुलिस
शहर समेत ग्रामीण अंचलों में पुलिस स्टूडेंट की सुरक्षा के मापदंड देखने के लिए स्कूल में पहुंच रही है। रतलाम महिला डीएसपी अजय सारवान और महिला थाना प्रभारी पार्वती गौड़ ने कॉन्वेंट स्कूल और बंजली में शासकीय माध्यमिक और प्राथमिक स्कूल में पहुंच कर स्टूडेंट्स को सुरक्षा को लेकर जागरूक किया। अधिकारियों ने स्कूल बिल्डिंग में लगे कैमरे और सुविधाओं को लेकर जानकारी ली।
सभी थाना प्रभारियों ने अपने-अपने क्षेत्रों के स्कूलों में जाकर एडवाइजरी के पैंपलेट दिए हैं। बच्चों से चर्चा कर उन्हें अपने मोबाइल नंबर नोट कराए। बच्चों से कहा कि कभी भी किसी भी समय पुलिस की जरूरत लगे तो फोन लगाकर अपनी समस्या बता सकते हैं।

You missed

error: Content is protected !!