• Wed. Oct 28th, 2026

दंगाइयों को काबू करने के लिए पुलिस ने किया लाठीचार्ज और छोड़े आंसू गैस के गोले

BySurendra Jain

Sep 30, 2024

खबर पक्की, 30 सितंबर, रतलाम। पुलिस की तरफ बढ़ते उग्र आंदोलनकारी अचानक हिंसक हो ऊठे और उन्होंने पुलिस पर पथराव कर दिया। हिंसक भीड़ को काबू में करने के लिए पुलिस को लाठी चार्ज करना पड़ा। लेकि प्रदर्शनकारी लाठीचार्ज से भी जब काबू में नहीं आये तो आखिऱकार पुलिस को आंसूगैस के गोले छोडऩे पड़े और फायर भी करना पड़ा। ये दृश्य किसी वास्तविक दंगे के नहीं है बल्कि पुलिस द्वारा आगामी त्योहारों के मद्देनजऱ की जा रही तैयारियों के क्रम में आज की गई बलवा परेड के दृश्य है। जिसमे पुलिस के ही कुछ सिपाही प्रदर्शनकारी बन कर प्रदर्शन कर रहे थे और पुलिस बल उन्हें नियंत्रित करने के लिए बल प्रयोग कर रहा था।
आगामी त्योहारों के दृष्टिगत जिले में कानून व्यवस्था एवं शांति सौहार्द का वातावरण बना रहे इस हेतु पुलिस अधीक्षक रतलाम श्री अमित कुमार के निर्देशन में रतलाम पुलिस हर प्रकार की परिस्थिति से निपटने के लिए पूर्ण तैयारी कर रही है। इसी तारतम्य में रविवार को जिला मुख्यालय स्थित पुलिस लाइन ग्राउंड पर बलवा ड्रिल परेड कराई गई। जिसमें रतलाम एवं जावरा अनुभाग के थाना, चौंकी एवं कार्यालयों में पदस्थ पुलिस कर्मियों को बलवा ड्रिल का प्रशिक्षण दिया गया।
अभ्यास के दौरान पुलिस व पब्लिक पर पथराव कर रहे दंगाइयों को तितर बितर कर नियंत्रित करने का अभ्यास किया गया। बलवा मॉकड्रिल रिहर्सल में पुलिस जवानों की अलग अलग टीम बनाई गई जिसमें टियर गैस पार्टी, लाठी पार्टी, राइफल पार्टी, मेडिकल पार्टी बनाकर अपना अपना कार्य समझाया गया। मॉक ड्रिल का उद्देश्य यह है कि कानून व्यवस्था ड्यूटी, धरना प्रदर्शन इत्यादि के दौरान विपरीत परिस्थितियों में पुलिसकर्मी अपनेआप को सुरक्षित रखते हुए अपने कर्तव्यों का बखूबी निर्वहन कर भीड़ नियंत्रण एवं कानून व्यवस्था बनाए रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सके।
इस दौरान पुलिस अधीक्षक रतलाम अमित कुमार, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक राकेश खाखा, नगर पुलिस अधीक्षक अभिनव बारंगे, एस डी ओ पी रतलाम अभिलाष भलावी, एसडीओपी जावरा शक्ति सिंह चौहान, सीएसपी जावरा दुर्गेश आर्मो, डीएसपी यातायात अनिल राय, रक्षित निरीक्षक मोहन भर्रावत, सूबेदार मोनिका सिंह चौहान थाना प्रभारी एवं अन्य पुलिस अधिकारी कर्मचारी उपस्थित रहे।

You missed

error: Content is protected !!