खबर पक्की, 19 सितंबर, रतलाम। पुलिसिंग व्यवस्था में माइक्रो बीट सिस्टम लागू किया जा रहा है। बीट अंतर्गत किसी भी घटना और वारदात की जिम्मेदारी बीट प्रमुख की रहेगी। सड़क पर पुलिस की तैनाती अत्यंत आवश्यक है। कम्यूनिटी पुलिसिंग पर जोर रहेगा। विभिन्न सामाजिक, धार्मिक संगठनों के अलावा व्यापारी संगठनों से थाना स्तर पर संवाद किया जाएगा।
यह बात रतलाम एसपी अमित कुमार ने गुरुवार दोपहर मीडिया से चर्चा करते हुए कही। रतलाम में ज्वाइन होने के बाद एसपी पहली बार मीडिया से रुबरु हुए। एसपी ने कहा कि निगरानी बदमाशों को जिले के संबंध थानों पर परेड कराने के साथ थाना प्रभारियों को निर्देशित किया जाएगा कि वह मीडिया के अलावा अपने थाना अंतर्गत समाज के विभिन्न वर्गों के लोगों से जीवंत संवाद रखें।
एसपी कुमार ने रतलाम के सामाजिक सद्भाव और रतलाम की शांत जनता का आभार माना। उन्होंने तत्कालीन एसपी लोढ़ा द्वारा पुलिसकर्मियों के काम दौरान संचालित की गई साप्ताहिक डायरी की सराहना की। उन्होंने कहा कि आने वाले दिनों में इस योजना को और मजबूती से लागू किया जाएगा। मादक पदार्थों के तस्करों पर नकेल कसने के लिए शीघ्र ही हेल्प लाइन नंबर जारी करने की भी बात कही।
आमजनता से कनेक्ट नहीं थाना प्रभारी
एसपी कुमार ने बताया कि पिछले 6 दिन में कार्य के दौरान देखने में आया है कि थाना प्रभारी आमजनता से सीधे कनेक्ट नहीं है। इस कारण पुलिस को घटना और वारदात के अलावा अन्य महत्वपूर्ण सूचना नहीं मिल पाती है। इस संबंध में भी थाना प्रभारियों को निर्देशित किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि किसी भी थाने पर पक्षपातपूर्ण कार्रवाई नहीं हो, इसका विशेष ध्यान रखा जाएगा। एएसपी राकेश खाखा मौजूद रहे।
एसपी का इन व्यवस्थाओं पर रहेगा जोर
- शहर की बदहाल ट्रैफिक व्यवस्था सुधारने के लिए एक दिवस एक रोड चलेगा अभियान।
- जिले में सभी समाज और वर्गों के लोगों से सीधा संवाद कर शांति कायम रखने का प्रयास रहेगा।
- प्रतिदिन एक थाना और एक चौकी का निरीक्षण कर कर्मचारियों से करेंगे सीधा संवाद।
- जिले में अब महिला पुलिसकर्मी भी हथियारों से लैस होगी।
- पुलिस विभाग के कर्मचारियों के अलावा आमजन की सूचना को भी प्रमुखता दी जाएगी।
- जिले में प्रतिदिन वाहनों की चेकिंग होगी।
- स्कूलों में जाकर छात्राओं से चर्चा करेंगे।
