• Wed. Oct 28th, 2026

अपहरण और फिरौती मांगने के मामले में फरार आरोपी सुधाकर मराठा ने फेसबुक पर विडीयो जारी कर फरियादी और पुलिस जांच पर उठाए सवाल,रतलाम आने की घोषणा को लेकर हाट की चौकी में भारी पुलिसबल तैनात

BySurendra Jain

Sep 8, 2024

खबर पक्की, 8 सितंबर, रतलाम। होटल व्यवसायी जीतेन्द्र राठौड का अपहरण कर फिरौती मांगने के प्रकरण में फरार आरोपी सुधाकर राव मराठा ने फेसबुक पर एक विडीयो जारी कर फरियादी जीतेन्द्र और पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए है। मराठा ने विडीयो में यह भी कहा है कि वह अपने पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के मुताबिक रतलाम पंहुचेगा। विडीयो के मुताबिक हाट की चौकी क्षेत्र में मराठा के आने की खबर से क्षेत्र में भारी पुलिस बल तैनात किया गया है और पुलिस के कई अधिकारी मौके पर मौजूद है।
उल्लेखनीय है कि बालाजी होटल के संचालक जीतेन्द्र राठौड की रिपोर्ट पर पुलिस ने अपहरण कर फिरौती मांगने के आपराधिक प्रकरण में रेलवे के रिटायर्ड टीसी सुनील दुबे,दलाल चन्दू शिवानी और सीए रवि डफरिया समेत कुल छ: लोगों को गिरफ्तार किया था। इस मामले में सुधाकर राव मराठा भी आरोपी है। सुधाकर मराठा ने रविवार को फेसबुक पर एक विडीयो जारी कर पूरे मामले में अपनी स्थिति बताने का प्रयास किया है। वायरल हुए विडीयो में मराठा यह कहते हुए सुनाई दे रहा है कि फरियादी जीतेन्द्र ने कांग्रेस के नेताओं और समुदाय विशेष के कुछ गुण्डों के साथ मिलकर ये पूरा षडयंत्र रचा है।
मराठा के मुताबिक जीतेन्द्र ने शहर के कई लोगों से कर्ज ले रखा है और जो भी व्यक्ति उधार की रकम वापस मांगता है,जीतेन्द्र समुदाय विशेष के गुण्डों के माध्यम से उन्हे डराता धमकाता है। मराठा ने अपने विडीयो में कहा है कि जीतेन्द्र ने चन्दू शिवानी से दो करोड रुपए का कर्ज लिया था और इसके बदले चन्दू शिवानी को पोस्ट डेटेड चैक दिए थे। अगर जीतेन्द्र ये दावा कर रहा है कि उसने कर्ज की रकम चन्दू शिवानी को लौटा दी थी,तो उसने चन्दू शिवानी से अपने चैक वापस क्यो नहीं लिए थे।
रविवार दोपहर करीब 5.30 बजे फेसबुक पर शेयर किए गए 16 मिनट के इस विडीयो में मराठा ने यह भी कहा है कि वह अपने पूर्व निर्धारित कार्यक्रम में रतलाम आएगा और पुलिस उसके साथ जो करना चाहती है कर सकती है। उसने यह आशंका व्यक्त की है कि उसे रासुका के तहत गिरफ्तार करने की तैयारी है। हांलाकि इस विडीयो में उसने यह स्पष्ट नहीं किया है कि वह रतलाम कब और कहां आएगा? मराठा के इस विडीयो को अब तक चार हजार से अधिक लोग देख चुके है और इस पर करीब सौ लोगों ने कमेन्ट भी किए है।
भारी पुलिस बल तैनात
यह माना जा रहा है कि मराठा अपनी घोषणा के मुताबिक रात को किसी समय हाट की चौकी के गणेश पाण्डाल में पंहुचेगा। मराठा के आने की संभावना के चलते इस इलाके में भारी पुलिस बल तैनात किया गया है। सीएसपी अभिनव वारंगे समेत अनेक पुलिस अधिकारी मौके पर मौजूद है। मराठा के आने की खबर के चलते इस इलाके में लोगों की भी भारी भीड लगी हुई है। समाचार लिखे जाने तक हाट की चौकी इलाके में मराठा का इंतजार किया जा रहा है।

You missed

error: Content is protected !!