खबर पक्की, 8 सितंबर, रतलाम। रतलाम में शनिवार रात को 500 से ज्यादा लोगों ने स्टेशन रोड थाने का घेराव कर दिया। आरोप है कि गणेश प्रतिमा ले जाने के दौरान जुलूस पर किसी ने पत्थर फेंका।
घटना मोचीपुरा इलाके की है। हिंदू संगठन के लोग आरोपियों पर कार्रवाई की मांग को लेकर थाने पहुंचे और जमकर नारेबाजी की। पुलिस ने पहले उन्हें समझाया, बाद में अज्ञात के खिलाफ एफआईआर दर्ज की।
एफआईआर होने के बाद पुलिस जांच के लिए घटना स्थल पर गई। उनके पीछे-पीछे भीड़ भी वहां पहुंच गई। इसी दौरान फिर किसी ने पत्थर फेंका। जवाब में भी पत्थर फेंके गए। पुलिस की गाड़ी पर भी पत्थर लगा। जिससे गाड़ी का कांच फूट गया।
पुलिस ने फौरन स्थिति को संभाला। हल्का बल प्रयोग कर भीड़ को खदेड़ा। इस दौरान एसपी भी मौके पर मौजूद रहे। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है। सुरक्षा को लेकर शहरभर में पुलिस बल तैनात किया गया है। पुलिस ने हल्का बल प्रयोग कर भीड़ को खदेड़ा।
सीसीटीवी कैमरे खंगाल रही पुलिस
सीएसपी अभिनव बारंगे के मुताबिक, रात में गणेश प्रतिमा ले जाई जा रही थी। जुलूस में शामिल लोगों में से कुछ का यह कहना है कि हमारे ऊपर पत्थर फेंके गए। इसकी तस्दीक के लिए सीसीटीवी कंट्रोल रूम में उस व्यक्ति को भेजा गया, जिसने पत्थर फेंकने के आरोप लगाए। फिलहाल, और भी कैमरे देखे जा रहे हैं। केस दर्ज कर लिया गया है। स्थिति नियंत्रण में है।
किसी ने अंधेरे में पत्थर फेंका
एफआईआर के मुताबिक घटना शनिवार रात 8.30 बजे की है। इसके दो घंटे बाद रात 10.50 बजे एक युवक ने एफआईआर दर्ज कराई। जिसमें बताया- मैं नमकीन की दुकान चलाता हूं। हम समिति के लोगों के साथ गणेश जी की स्थापना के लिए खेतलपुर से मूर्ति लेकर मेहंदीकुई बालाजी से हाथीखाना मोचीपुरा होते हुए जा रहे थे। जिसमें महिलाएं, बच्चे भी साथ थे। जैसे ही हमारा जुलूस हाथीखाना रोड पर मोचीपुरा पहुंचा, तभी अंधेरे में किसी अज्ञात ने मूर्ति पर पत्थर फेंका। वह पत्थर मेरे पास से होकर निकला। इससे मूर्ति क्षतिग्रस्त हो सकती थी।
किसी न किसी ने तो पत्थरबाजी की
विश्व हिंदू परिषद के जिला मंत्री गौरव शर्मा का कहना है कि त्योहार आने के पहले ही इस तरह का षड्यंत्र किया गया। मुस्लिम क्षेत्रों में 15-20 साल से जहां हिंदू समाज के कार्यक्रम होते आ रहे हैं, उन्हें रोकने का काम किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि ओकाला की प्रतिमा मोचीपुरा क्षेत्र से ले जाई जा रही थी, कुछ कट्टरपंथियों ने पत्थरबाजी की। पुलिस ने आश्वासन दिया है। प्रश्न यही है कि किसी न किसी ने तो पत्थर मारा है।
गणेश प्रतिमा के जुलूस पर पत्थर फेंकने का आरोप : रतलाम में 500 से ज्यादा लोगों ने थाना घेरा, पुलिस ने भीड़ को खदेड़ा
