• Wed. Oct 28th, 2026

जनसुनवाई में 69 आवेदनों पर निराकरण के निर्देश जारी किए गए

BySurendra Jain

Sep 3, 2024

खबर पक्की, 3 सितंबर, रतलाम। जिला स्तरीय जनसुनवाई मंगलवार को कलेक्टर कार्यालय सभाकक्ष में संपन्न हुई। इस दौरान कलेक्टर राजेश बाथम, अपर कलेक्टर आर.एस. मंडलोई, एसडीएम अनिल भाना एसडीएम विवेक सोनकर ने जनसुनवाई करते हुए 69 आवेदनों पर निराकरण के निर्देश संबंधित विभागों को जारी की है।
जनसुनवाई के दौरान ग्राम मेलखेडा (मंदसौर) निवासी ममता पति मंगलेश जाट ने आवेदन देते हुए बताया कि प्रार्थिया द्वारा 15 नवम्बर 2022 को जिला चिकित्सालय में एक बालक को जन्म दिया था। डिलेवरी होने पर शासन द्वारा जो सहायता राशि प्रदान की जाती है, वह आज तक प्राप्त नहीं हुई है। इस सम्बन्ध में पूर्व में भी प्रार्थिया द्वारा आवेदन दिया जा चुका है परन्तु कोई कार्रवाई नहीं की गई है। कृपया सहायता राशि प्रदान की जाए। आवेदन निराकरण के लिए सीएमएचओ को प्रेषित किया गया है।
ग्राम ढिकवा निवासी ओमप्रकाश ने आवेदन देते हुए बताया कि प्रार्थी द्वारा ग्राम में भूमि क्रय करने के बाद नामान्तरण के लिए आवेदन दिया गया था, जिस पर लोक सेवा केन्द्र द्वारा 21 मार्च 2024 की तिथि निर्धारित की गई थी। तिथि निकल जाने के बाद भी उक्त भूमि का नामान्तरण नहीं किया गया है और न ही इस सम्बन्ध में कोई संतोषजनक जवाब दिया जा रहा है। कृपया नामान्तरण की कार्यवाही की जाए। आवेदन निराकरण के लिए तहसीलदार ग्रामीण को भेजा गया है।
अजंता टाकिज रोड निवासी तसलीम बी ने जनसुनवाई में आवेदन देते हुए बताया कि प्रार्थिया का पुत्र एक निजी विद्यालय में अध्ययनरत है। प्रार्थिया दिव्यांग होकर कोई कार्य करने में असमर्थ है, इस कारण स्कूल की फीस नहीं भरी जा रही है। कृपया स्कूल की फीस माफ की जाए। आवेदन निराकरण के लिए शिक्षा विभाग को भेजा गया है।
ग्राम सेमलिया निवासी फरजाना ने आवेदन देते हुए बताया कि मुझ प्रार्थिया को शासन द्वारा भूमि स्वामी का अधिकार पत्र प्रदान किया गया है, परन्तु भूमि उपलब्ध नहीं कराई गई है। इस सम्बन्ध में ग्राम के पटवारी से बात की गई तो उन्होंने बताया कि इस सम्बन्ध में ग्राम पंचायत द्वारा आपत्ति दर्ज कराई गई है इसलिए भूमि प्रदान नहीं की जा रही है। प्रार्थिया को पट्टे की नपती करते हुए भूमि उपलब्ध कराने की कृपा करें। आवेदन तहसीलदार रतलाम ग्रामीण को निराकरण के लिए भेजा गया है।
ग्राम बोरवनी निवासी कौशल्याबाई ने बताया कि प्रार्थिया दिव्यांग होकर मजदूरी करके अपने बच्चों का जीवन यापन करती है। इसके अलावा आय का कोई अन्य साधन नहीं है। प्रार्थिया को पी.एम. आवास का लाभ प्रदान करने की कृपा करें। आवेदन सीईओ जनपद जावरा को निराकरण के लिए भेजा गया है।

You missed

error: Content is protected !!