खबर पक्की, 30 अगस्त, नई दिल्ली। वैश्विक स्तर पर मजबूत रुख की वजह से कारोबारी सत्र के आखिरी दिन शुक्रवार 30 अगस्त 2024 को रिकॉर्ड हाई पर खुला. शुरुआती कारोबार में बंबई स्टॉक एक्सचेंज (बीएसई) का प्रमुख संवेदी सूचकांक सेंसेक्स 323.99 अंक की जोरदार उछाल के साथ 82,458.60 अंकों के स्तर पर पहुंच गया।
वहीं, नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (एनएसई) के निफ्टी ने भी 76.65 अंकों की मजबूती के साथ 25,228.60 अंक के रिकॉर्ड स्तर पर अपने कामकाज की शुरुआत की. गुरुवार को सेंसेक्स 349.05 अंक की जोरदार छलांग लगाकर 82,134.61 अंकों के रिकॉर्ड स्तर पर पहुंच गया था. वहीं, निफ्टी भी 99.60 अंक या 0.4त्न की बढ़त के साथ 25,151.95 अंक के स्तर पर बंद हुआ था।
बीएसई में बजाज फिनसर्व का शेयर टॉप गेनर
शेयर बाजार के शुरुआती कारोबार में बीएसई सेंसेक्स में सूचीबद्ध 30 कंपनियों में से 20 के शेयर मुनाफे में रहे. इनमें 1.31त्न की जोरदार बढ़त के साथ बजाज फिनसर्व का शेयर टॉप गेनर बन गया. इसकी कीमत बढ़कर 1778.20 प्रति शेयर के स्तर पर पहुंच गया. इसके अलावा, टाइटन, एशियन पेंट्स, हिंदुस्तान यूनिलीवर, बजाज फाइनेंस, पावरग्रिड, टाटा स्टील, एचडीएफसी बैंक, अल्ट्राटेक सीमेंट, नेशनल थर्मल पावर कॉरपोरेशन, मारुति सुजुकी इंडिया, एचसीएल टेक्नोलॉजीज, आईटीसी, महिंद्रा एंड महिंद्रा, टीसीएस, भारतीय स्टेट बैंक, एक्सिस बैंक, इन्फोसिस, नेस्ले इंडिया, लार्सन एंड ट्रुबो, भारती एयरटेल, कोटक महिंद्रा बैंक और आईसीआईसीआई बैंक के शेयरों में भी तेजी देखी गई। हालांकि, इंडसइंड बैंक, टेक महिंद्रा, रिलायंस इंडस्ट्रीज, सनफार्मा, अदाणी पोर्ट्स और टाटा मोटर्स के शेयर नुकसान में रहे।
एशियाई बाजारों में जोरदार तेजी
एशिया के प्रमुख बाजार जापान के निक्केई 225, हांगकांग के हैंगसेंग, दक्षिण कोरिया के कॉस्पी और चीन के शंघाई कंपोजिट में जोरदार तेजी देखी जा रही है. यूरोपीय बाजारों में भी मजबूत रुख बना है। गुरुवार को अमेरिकी शेयर बाजारों में डाऊ जोंस, एसएंडपी500 और नैसडेक कमजोर होकर बंद हुए थे। अंतरराष्ट्रीय बाजार में सोना 0.24 प्रतिशत बढ़कर 2,513.49 डॉलर प्रति औंस के स्तर पर पहुंच गया। वैश्विक तेल बाजार में ब्रेंट क्रूड 0.35 प्रतिशत तेज होकर 79.10 डॉलर प्रति बैरल पर रहा।
शुरुआती कारोबार में रिकॉर्ड हाई पर खुला शेयर बाजार, सेंसेक्स में 324 अंकों की जोरदार उछाल
