• Thu. Oct 29th, 2026

जनसुनवाई में 39 आवेदनों पर निराकरण के निर्देश जारी किए गए

BySurendra Jain

Aug 27, 2024

खबर पक्की, 27 अगस्त, रतलाम। जिला स्तरीय जनसुनवाई मंगलवार को कलेक्टर कार्यालय सभा कक्ष में संपन्न हुई। इस दौरान सीईओ जिला पंचायत श्रृंगार श्रीवास्तव, अपर कलेक्टर आर एस मंडलोई ने जनसुनवाई करते हुए 39 आवेदनों पर निराकरण के निर्देश संबंधित विभागों को जारी की है। इस दौरान एसडीएम विवेक सोनकर, डिप्टी कलेक्टर संजय शर्मा, राधा महंत ने भी जनसुनवाई की।
जनसुनवाई में ग्राम जेठाना तहसील पिपलोदा के आवेदक रामचंद्र पिता पन्नालाल ने आवेदन दिया कि उसे जावरा ट्रैक्टर शोरूम से ट्रैक्टर क्रय किए 2 वर्ष हो चुके हैं, परंतु अब तक ट्रैक्टर शोरूम संचालक द्वारा आरटीओ रजिस्ट्रेशन नहीं कराया है आरसी नहीं मिली है, आवेदन पर जिला परिवहन अधिकारी को कार्रवाई हेतु निर्देशित किया गया।
शक्ति नगर रतलाम निवासी शांति मालवीय ने आवेदन दिया कि वह 17 वर्षों से क्षेत्र में वार्ड क्रमांक 9 में निवास कर रही हैं उनके मकान के सामने एक व्यक्ति द्वारा पिछले 8 से 10 वर्षों से नमकीन कारखाना चलाया जा रहा है, जिसमें डीजल से भट्टी चलाई जाती है खराब तेल से नमकीन बनाया जाता है। यहां पर उत्पन्न होने वाले धुएं से कॉलोनी में प्रदूषण फैल रहा है, स्वास्थ्य पर विपरीत असर पड़ रहा है, सांस लेने में लोगों को परेशानी होती है। पूर्व में रतलाम कलेक्टर द्वारा जनवरी 22 में भट्टी को बंद करने की हिदायत दी गई थी। निगम कर्मचारी को जेसीबी के साथ भट्टी हटाने के लिए भेजा गया था। कार्रवाई करके भट्टी बंद करवाई गई थी, परंतु कुछ ही दिनों बाद व्यक्ति द्वारा पुन: भट्टी चलाने का काम शुरू कर दिया गया है, जो अब तक जारी है कार्रवाई की जावे आवेदन पर निगम आयुक्त रतलाम को कार्रवाई के लिए निर्देश जारी किए गए। इसी प्रकार ग्राम सरवन निवासी सरोज शर्मा ने आवेदन दिया कि वह उसके ससुर के पैतृक मकान में रहती आई है बेटी की शादी के बाद बेटे ने कूटरचना कर पैतृक मकान अपने नाम करवा लिया है। जबकि वास्तविक अधिकारी ससुराल पक्ष के अन्य तीन भाई भी हैं। बेटी की शादी के कुछ दिनों बाद बेटे तथा उसकी पत्नी ने आवेदिका के साथ मारपीट कर घर से निकाल दिया, इस वजह से वह वर्तमान में बेटी के घर पर रह रही है। फिलहाल बेटी द्वारा उसका भरण पोषण किया जा रहा है। आवेदन में मांग की गई कि बेटे से भरण पोषण दिलाया जाए पैतृक मकान में हिस्सा दिलाया जाए। इसके साथ ही सरवन ग्राम पंचायत को आदेशित किया जाए की पैतृक मकान के अन्य वास्तविक उत्तराधिकारियों के नाम भी जोडे जाए। आवेदन पर सैलाना एसडीएम को कार्रवाई के लिए निर्देश जारी किए गए।
इसी प्रकार जनसुनवाई में ग्राम अरवलिया सोलंकी तहसील आलोट निवासी लखन बामनिया ने आवेदन दिया कि उसने गत वर्ष अतिथि शिक्षक के रूप में प्राथमिक विद्यालय धामनिया में दो माह पढ़ाया, उसके बाद स्थाई शिक्षक आ गए थे। उस विद्यालय में दो अतिथि शिक्षक थे, आवेदक के स्कोर ज्यादा होने के बाद भी जिनका स्कोर कम था उनको स्कूल में जॉइनिंग दी गई और आवेदक को जॉइनिंग नहीं दी। आवेदन पर जिला शिक्षा अधिकारी को कार्रवाई के लिए निर्देश जारी किए गए। जनसुनवाई में ग्राम रामपुरिया पलसोड़ी तहसील रतलाम स्थित भूमि के संबंध में आवेदक गणेश पिता रूपा माल ने पटवारी द्वारा अनियमितता तथा मनमानी करने की शिकायत की इसके निराकरण के लिए तहसीलदार शहर को निर्देश जारी किए गए।

You missed

error: Content is protected !!