• Thu. Oct 29th, 2026

जिला स्तरीय जनसुनवाई में 73 आवेदनों पर निराकरण के निर्देश जारी किए गए

BySurendra Jain

Jul 16, 2024

खबर पक्की, 16 जुलाई, रतलाम। जिला स्तरीय जनसुनवाई मंगलवार को कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में आयोजित की गई। जहां पर कलेक्टर राजेश बाथम द्वारा आवेदनों पर सुनवाई करते हुए आवश्यक दिशा निर्देश संबंधित विभागों के लिए जारी किए गए। इस दौरान अपर कलेक्टर डॉ. शालिनी श्रीवास्तव, आर. एस. मंडलोई, एसडीएम अनिल भाना ने भी जनसुनवाई की।
जनसुनवाई में ग्राम कसारी चौहान तहसील ताल के मुकेश पिता मोहनलाल ने आवेदन दिया कि उसकी निजी भूमि जिस पर वह खेती कर रहा है, उसमें जाने के लिए पहले आम रास्ता था, जिसे पड़ोसी व्यक्ति ने बंद करके कब्जा कर लिया है, कार्रवाई की जाए आवेदक के आवेदन पर तहसीलदार ताल को आवश्यक दिशा निर्देश जारी किए गए। इसी प्रकार ग्राम मेवासा तहसील रतलाम निवासी भेरूलाल ने आवेदन दिया कि उसके स्वामित्व की भूमि पर गांव के ही अन्य व्यक्ति ने धोखाधड़ी करके फर्जी रजिस्ट्री वर्ष 2015-16 में करवाकर भूमि पर अपने नाम से राजस्व दस्तावेजों में नामांतरण दर्ज करवा लिया है कार्यवाई की जाए। इस आवेदन के संबंध में तहसीलदार नामली को निर्देश जारी किए गए।
जनसुनवाई में ग्राम गुणावत निवासी मोड सिंह ने आवेदन दिया कि उसकी भूमि पर एक अन्य व्यक्ति द्वारा कब्जा कर लिया गया है जबकि वह अपनी भूमि सीमांकन के लिए 6 वर्षों से कार्यालय के चक्कर लगा रहा है। आवेदन के निराकरण हेतु तहसीलदार रतलाम ग्रामीण को दिशा निर्देश जारी किए गए।
जनसुनवाई में काजीपुरा रतलाम निवासी शारदा सिकरवार ने आवेदन दिया कि वह गरीब घर से है उसके बच्चे का शिक्षा का अधिकार अधिनियम के तहत पिछले दो वर्ष से किसी भी स्कूल में एडमिशन नहीं हो पाया है कार्यवाई की जाए। आवेदन जिला शिक्षा अधिकारी की और प्रेषित किया गया।
जिले के ग्राम खजूरी देवड़ा आलोट निवासी शबाना ने आवेदन दिया कि उसके पति की दुर्घटना में मृत्यु हो गई थी, परंतु कोई भी आर्थिक सहायता अब तक नहीं मिल पाई है। उसका आवेदन आवश्यक कार्यवाई के लिए एसडीएम आलोट की और प्रेषित किया जाकर निर्देश जारी किए गए।
रतलाम की गवली मोहल्ला निवासी टेकराम पिता बाबू गवली ने आवेदन दिया कि उसके पैतृक भवन को अवैधानिक रूप से बिना किसी दस्तावेजों के कर्मचारियों से मिलकर अन्य व्यक्ति द्वारा नामांतरण कर लिया है। आवेदन पर तहसीलदार रतलाम को आवश्यक कार्यवाई की निर्देश जारी किए गए।
जिले के ग्राम जड़वासाकला के रहवासियों ने सामूहिक रूप से आवेदन दिया कि गांव के एक अन्य व्यक्ति द्वारा अवैधानिक रूप से नाले के पानी को रोककर उस पर निर्माण कर लिया गया है जिस कारण नाले का बहता हुआ पानी हमारे घरों में घुसने की संभावना बन गई है, प्रति प्रार्थी को समझाने पर माना नहीं है। आवेदन पर एसडीएम रतलाम ग्रामीण को निर्देश जारी किए गए।

You missed

error: Content is protected !!