खबर पक्की, 10 जुलाई, रतलाम। जिले के सरवन थाना क्षेत्र में दुर्घटना में दो युवकों की मौत हो गई। दो युवतियां घायल हो गई। रात्रि में पुलिस गश्त कर रही थी। गश्त के दौरान चारों घायल अवस्था में सैलाना-बांसवाड़ा रोड पर मिले, जिन्हें पुलिस एंबुलेंस से लेकर बुधवार तड़के रतलाम के मेडिकल कॉलेज लेकर पहुंची। यहां दोनों युवकों को डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।
मृतक के नाम राजेश उर्फ राजू (21) पिता लक्ष्मण दामा निवासी चिराखदान थाना सरवन एवं सुनील (19) पिता नारायणलाल निनामा निवासी पाटियाखुंटा थाना साखतली जिला प्रतापढ़ (राजस्थान) की मौत हो गई। जबकि, नर्मदा (20) पिता नागजी चरपोटा एवं माया (18) पिता राजू निनामा दोनों गांव राधाकुंवा थाना सरवन घायल हो गई। मेडिकल कॉलेज में भर्ती हैं।
पुलिस की प्रारंभिक जांच अनुसार दोनों युवकों गांव राधाकुंवा से युवतियों को बाइक पर अपने साथ लेकर सैलाना आ रहे थे। सरवन से सैलाना की तरफ आने के दौरान चावड़ाखेड़ी फंटा पर दूध गाड़ी की टक्कर से चारों घायल हो गए। पुलिस रात्रि गश्त कर रही थी। तब सड़क पर चारों घायल मिले।
दोनों मृतक युवकों के परिजन भी सुबह मेडिकल कॉलेज पहुंच गए। घायल युवती नर्मदा के परिजन भी आ गए। लेकिन एक अन्य घायल युवती माया के घर वाले दोपहर 12 बजे तक मेडिकल कॉलेज नहीं पहुंचे। माया को गंभीर चोटे आई है। सरवन थाने के सब इंस्पेक्टर जीएल भूरिया, आरक्षक शैलेंद्रसिंह सोलंकी अन्य मेडिकल कॉलेज पहुंचकर जांच पड़ताल में लगे हैं।
मृतक राजेश उर्फ राजू के पिता लक्ष्मण ने बताया की बेटे की शादी हो चुकी थी। वह अपने ससुराल जमुड़ापाड़ा (सरवन) में रहता था। कभी – कभी घर आता था। अभी तीन-चार दिन पहले ही उसके बेटी हुई है। वहीं, दूसरे मृतक सुनील के पिता नारायण लाल ने बताया कि बेटे की शादी नहीं हुई है। दोनों मृतक सैलाना के जैन ढाबे पर काम करते थे। घायल युवती नर्मदा के जीजा हेमरात ने बताया कि सुबह 6 बजे एंबुलेंस चालक का कॉल आया। इसके बाद मैं मेडिकल कॉलेज पहुंचा हूं।
दोनों युवितयों का घर आस-पास
पुलिस के जांच के अनुसार दोनों युवतियां सहेलिया है। दोनों के घर पास-पास है। सरवन पुलिस थाने के सब इंस्पेक्टर जीएल भूरिया ने बताया कि प्रारंभिक जांच में दूध की गाड़ी से टक्कर होना सामने आया है। दो युवकों की मौत हो गई है। दो युवतियां घायल है। मर्ग कायम कर जांच की जा रही है।
दूध की गाड़ी से टक्कर में दो युवकों की मौत : पुलिस गश्त के दौरान सड़क पर मिले, दो युवतियां भी घायल
