खबर पक्की, 4 जुलाई, रतलाम। जय जवान जय किसान पर्यावरण समिति गणेशगंज पिपलौदा द्वारा विशेष पौधारोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम के दौरान संयोजक विवेकसिंह राठौर ने बताया कि वन पाल के पद से सेवानिवृत्त हुए हैं। अपने सेवाकाल में उन्होंने 4 लाख 87 हजार 973 पौधे लगाए हैं और सेवानिवृत्ति के बाद 50 हजार पौधारोपण कर चुके हैं। उनका पौधारोपण विशेषकर बांस के पौधों पर आधारित है। इससे मिट्टी का कटाव रुकता ही है, साथ ही बांस की खेती आर्थिक सम्बल भी प्रदान करती है। उन्होंने बताया कि गणेशगंज से धामेडी तक पौधारोपण किया गया है।
कलेक्टर राजेश बाथम ने पौधारोपण कार्य को सामाजिक आन्दोलन के रुप में संचालित किए जाने की बात कही। एसपी. राहुल लोढा ने एक पौधा अपनी माँ के नाम अभियान के आधार पर प्रत्येक व्यक्ति से कम से कम 10 पौधे लगाने का आह्नान किया। कलेक्टर राजेश बाथम, एस.पी. राहुल लोढा, जिला वनमण्डलाधिकारी एन.के. दोहरे, एम.एल. हरित, एसडीएम श्रीमती राधा महंत तथा जिले के अन्य विभागीय अधिकारियों, कर्मचारियों ने जिले में ऐतिहासिक पौधारोपण करने वाले नागरिकों को प्रतीक चिन्ह प्रदान कर सम्मानित किया।
कार्यक्रम में उपस्थित अतिथियों द्वारा पौधारोपण किया गया। कलेक्टर तथा सभी ने मैदानी क्षेत्रों में जाकर पौधारोपण संबंधी कार्य की प्रगति का समक्ष में अवलोकन किया। इस दौरान पर्यावरण जागरुकता हेतु बाईक रैली को हरी झण्डी दिखाकर रवाना किया गया। कार्यक्रम में पिपलौदा तहसीलदार देवेन्द्रसिंह दानगढ, जनपद सीईओ बी.एस. नलवाया, विशेष सहयोग हेतु संजय भट्ट उपस्थित थे। संचालन राजेश धनोतिया ने किया तथा आभार संजय भट्ट ने माना।
हजारों की संख्या में पौधारोपण करने वालों का सम्मान किया गया, जय जवान जय किसान पर्यावरण समिति गणेशगंज पिपलौदा में पौधारोपण कार्यक्रम सम्पन्न
