खबर पक्की, 4 जुलाई, रतलाम। भारत सरकार द्वारा सम्पूर्ण भारत के कुल 522 ब्लाक को आकांक्षी विकासखण्ड के अन्तर्गत चयनित कर सूचकांकों में सुधार लाने हेतु विशेष प्रयास किए जा रहे हैं। आकांक्षी विकासखण्ड अन्तर्गत रतलाम जिले में बाजना विकासखण्ड को मुख्य रुप से 6 पैरामीटर, गर्भवती माता की समय पर देखभाल, गर्भवती माता को पोषण आहार, पूर्ण टीकाकरण, मधुमेह और उच्च रक्तचाप की जांच-उपचार, स्वसहायता समूह को रिवाल्विंग फण्ड की अदायगी, मृदा स्वास्थ्य परीक्षण काडऱ् का वितरण के सूचकांकों में सुधार लाने हेतु तीन माह की अवधि निर्धारित कर कार्ययोजना बनाई गई।
कार्यक्रम में नीति आयोग के सदस्य मोहन चंदेर, कलेक्टर राजेश बाथम, मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत श्रृंगार श्रीवास्तव, एसडीएम मनीष जैन, सीएमएचओ डा. आनन्द चंदेलकर, जिला कार्यक्रम अधिकारी महिला एवं बाल विकास रजनीश सिन्हा, जिला योजना एवं सांख्यिकी अधिकारी बी.के. पाटीदार, उपसंचालक कृषि श्रीमती नीलम चौहान, डीपीएम श्री जे.पी.एस. चौहान, डा. वर्षा कुरील, सुश्री अंकिता पंड्या, डा. गौरव बोरीवाल एवं अन्य अधिकारी, कर्मचारी उपस्थित थे।
नीति आयोग के सदस्य मोहन चंदेर ने प्रमुख 6 घटकों पर वर्तमान परिदृश्य अनुसार सूचकांकों की जानकारी ली एवं इसमें सुधार हेतु विभागीय अधिकारियों से आगामी सूक्ष्म कार्ययोजना प्रदान करने के लिए कहा।
कार्यक्रम को सम्बोधित करते हुए कलेक्टर राजेश बाथम ने मैदानी कार्यकर्ताओं से दो तरफा संवाद किया और सभी 6 पैरामीटर के विषय में कार्यकर्ताओं को बताने पर उन्हें पुरस्कृत किया गया। कलेक्टर ने कहा कि सभी मैदानी कार्यकर्ता पूरे उत्साह और उमंग से आमजन को आवश्यक सेवाएं प्रदान कर 15 सितम्बर तक अपेक्षित सूचकांकों में शत-प्रतिशत उपलब्धि प्राप्त करें और जिले के बाजना ब्लाक को सर्वश्रेष्ठ ब्लाक के रुप में स्थापित करें। बेहतर कार्य करने वालों को 15 अगस्त के अवसर पर पुरस्कृत किया जाएगा।
सीईओ जिला पंचायत श्रृंगार श्रीवास्तव ने कहा कि धार जिले के तिरला ब्लाक को श्रेष्ठ स्थिति में लाने पर 1 करोड 50 लाख रुपए का पुरस्कार प्राप्त हुआ था। इसे प्रेरणा के रुप में लेते हुए सामुदायिक विकास कार्यक्रम की तर्ज पर सामुदायिक सहभागिता से सूचकांकों में प्रगति लाएं। कार्यक्रम के अवसर पर सीएमएचओ डा. आनन्द चंदेलकर, डीपीओ रजनीश सिन्हा, उपसंचालक कृषि श्रीमती नीलम चौहान, एनआरएलएम डीपीएम जे.पी.एस. चौहान ने भी विभागीय गतिविधियों को सम्पादित कर कार्यक्रम में प्रगति लाने की बात कही।
कार्यक्रम के दौरान श्रीमती मंजू चरपोटा ग्राम लुक्खीपाडा ने अपनी सफलता की कहानी सुनाते हुए बताया कि उन्होंने स्वसहायता समूह के माध्यम से सब्जी का कार्य प्रारम्भ किया था। वर्तमान में अच्छी कमाई होकर बैंक सखी का कार्य भी करने लगी हैं। श्रीमती पूनम झोडिया ग्राम चिकनी ने बताया कि उन्होंने लेपटाप खरीदकर ग्राम राजापुरा माताजी में आनलाईन दुकान ली है, वर्तमान में अच्छी आजीविका हो रही है। ग्राम रावटी की दीपिका मोरिया ने बताया कि स्वसहायता समूह के माध्यम से लेपटाप, प्रिंटर आदि का कारोबार कर अच्छी कमाई कर पा रहे हैं।
इस अवसर पर पर जय माता दी आजीविका समूह जाम्बुखादन एवं जय अम्बे आजीविका समूह हलकारा को 6-6 लाख रुपए की राशि स्वसहायता समूह अन्तर्गत प्रदान की गई। साथ ही भादरु पिता कलिया, वरसिंग पिता चोखा ग्राम गढीगमना, प्रमोद पिता हरिओम, संतोष पिता उमला, नारायण पिता मानसिंह ग्राम माण्डलिया, नाथु पिता भूतिया ग्राम पीपलीपाडा को मृदा स्वास्थ्य कार्ड प्रदान किए गए।
कार्यक्रम में स्वास्थ्य विभाग द्वारा बीपी और शुगर की जांच हेतु शिविर में कलेक्टर श्री राजेश बाथम द्वारा अपनी जांच और परीक्षण कराया गया। साथ ही विभागीय कर्मचारियों एवं आमजन का भी परीक्षण किया गया। महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा आकर्षक पोषण प्रदर्शनी आयोजित की गई जिसमें आमजन को भिन्न-भिन्न प्रकार के पोषण आहार प्राप्त करने एवं उचित पोषण आहार के बारे में परामर्श प्रदान किया गया। कार्यक्रम में उपस्थित सभी लोगों ने बाजना विकासखण्ड को आकांक्षी विकासखण्ड से बाहर लाने का संकल्प लिया। कलेक्टर सहित विभिन्न अधिकारियों द्वारा आईटीआई कालेज में पौधारोपण किया गया तथा महिला बाल विकास विभाग द्वारा आयोजित जागरुकता रैली को हरी झण्डी दिखाकर रवाना किया गया। कार्यक्रम का संचालन विमल जैन ने किया तथा आभार एसडीएम मनीष जैन ने माना।
सम्पूर्णता अभियान आकांक्षी विकासखण्ड बाजना में बेहतर कार्य कर सूचकांकों में प्रगति लाई जाए, आईटीआई बाजना में नीति आयोग के सदस्य की उपस्थिति में बैठक सहकार्यशाला सम्पन्न
